प्रादेशिक डेस्क
गोरखपुर। पूर्वांचल में ’हम दो हमारे दो’ का नारा फेल होता नजर आ रहा है। पूर्वी यूपी में प्रजनन दर पर नजर डालें तो यहां ’हम दो और हमारे चार’ की तस्वीर नजर आती है। देश में सर्वाधिक प्रजनन दर उत्तर प्रदेश में है। पूर्वांचल में यह दर प्रदेश के औसत से करीब डेढ़ गुनी अधिक है। एम्स द्वारा तैयार पूर्वी यूपी के 28 जिलों की स्टडी रिपोर्ट और नीति आयोग से मिले आंकड़ों के मिलान से यह सच्चाई सामने आई है। एम्स ’स्वस्थ पूर्वी यूपीःएक पहल’ नाम से अभियान चला रहा है। इसके तहत 28 जिलों की सेहत को सुधारने का जिम्मा एम्स को मिला है। इन 28 जिलों में एम्स प्रशासन ने स्वास्थ्य एवं जनसंख्या से जुड़े आंकड़े जुटाए हैं, जो कि चौंकाने वाले हैं। उत्तर प्रदेश में भी सर्वाधिक प्रजनन दर पूर्वी यूपी में है। प्रदेश के सबसे पिछड़े इलाकों में शुमार गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, देवीपाटन, वाराणसी और अयोध्या मंडल के जिलों में प्रजनन दर 3.8 मिली है। ये आंकड़े नीति आयोग के हैं, जबकि नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-फोर में प्रदेश में औसत प्रजनन दर 2.7 है। इसमें भी शहरी क्षेत्र में 2.1 और ग्रामीण क्षेत्र में 3.0 है। एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर ने बताया कि पूर्वी यूपी में हेल्थ इंडिकेटर के पीछे होने की एक बड़ी वजह बड़ा परिवार भी है। यहां जनसंख्या घनत्व अधिक है। हर परिवार में कम से कम सात या उससे भी ज्यादा सदस्य हैं। इसके कारण स्वास्थ्य सुविधाओं पर दबाव अधिक है।
यह भी पढ़ें : छज्जा गिरा, चार मजदूरों की मौत, दो घायल
नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे और नीति आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी यूपी में आज भी गांव में चार में से एक लड़की का विवाह 18 साल से कम आयु में हो जा रहा है। जल्दी विवाह होने से प्रजनन दर बढ़ जा रही है। जनसंख्या घनत्व अधिक होने के पीछे अशिक्षा बड़ी वजह है। यहां आज भी गांवों की आधी आबादी में सिर्फ 60 फीसदी ही शिक्षित हैं। पूर्वांचल में 40 फीसदी आबादी शिक्षा से दूर है। एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर ने बताया कि इस क्षेत्र में प्रजनन दर, जनसंख्या घनत्व और अशिक्षा बड़ी समस्या है। ये तीनों कारण भले ही अलग दिख रहे हों पर एक-दूसरे से जुड़े हैं। इसके अलावा माइग्रेशन रेट भी इस क्षेत्र में अधिक है। इस वजह से भी परिवार नियोजन के उपाय उतने कारगर नहीं दिख रहे हैं। इन सभी को एक साथ सुधारने की दरकार है।
यह भी पढ़ें : लग्जरी गाड़ियों से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
