जानकी शरण द्विवेदी
लखनऊ। प्रदेश शासन ने कानपुर हिंसा के चौथे दिन मंगलवार को जिलाधिकारी नेहा शर्मा का तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के पद पर तैनात आईएएस विशाख जी को भेजा गया है। विशाख जी. 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं। उन्होंने बीटेक किया है। वह वाराणसी और मेरठ में सीडीओ के पद पर और हमीरपुर में जिलाधिकारी के बाद पर रह चुके हैं। इससे पहले वह कानपुर में भी जिलाधिकारी पद पर रह चुके हैं। समझा जाता है कि शासन ने कानपुर की घटना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उनकी दुबारा तैनाती की है। वह मुख्यमंत्री के अति विश्वास पात्र, मेहनती एवं ईमानदार अधिकारी माने जाते हैं। आज के तबादले में नौ जिलों में नए डीएम तैनात किए गए हैं।
विवरण के अनुसार, प्रदेश सरकार ने फिरोजाबाद के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार को लखनऊ का जिलाधिकारी तैनात किया है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश को गोरखपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है। ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव भवानी सिंह खंगारौत को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक तैनात किया है। विधानसभा चुनाव के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से कानपुर के जिलाधिकारी विशाख जी. को हटा दिया गया था। बिना किसी ठोस शिकायत के हटाए गए विशाख जी. को शासन ने मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया था। आज सरकार ने उन्हें पुनः कानपुर नगर का जिलाधिकारी बना दिया। बस्ती की जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को हटाकर बलिया भेजा गया है। बलिया के जिलाधिकारी रहे इंद्र विक्रम सिंह को अलीगढ़, जालौन की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को बस्ती, प्रतीक्षारत चांदनी सिंह को जालौन, झांसी के नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय को इटावा तथा प्रयागराज के नगर आयुक्त रवि रंजन को फिरोजाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया है। गोरखपुर के जिलाधिकारी विजय किरन आनंद को एक बार फिर बेसिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव एवं स्कूल शिक्षा का महानिदेशक बनाया गया है। इससे एक बार फिर प्राथमिक शिक्षा में बड़े सकारात्मक बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कामचोर अधिकारियों व शिक्षकों में उनकी तैनाती से भारी निराशा हुई है। उनके पास कुंभ मेला अधिकारी प्रयागराज का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। बेसिक शिक्षा विभाग की सचिव अनामकि सिंह को महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग में सचिव नियुक्त किया है। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश को सचिव पद पर पदोन्नति के बाद अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग का सचिव और इनवेस्ट यूपी का सीईओ तैनात किया है। इटावा की जिलाधिकारी श्रुति सिंह को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद पर तैनात किया है। कानपुर नगर की जिलाधिकारी नेहा शर्मा को निदेशक स्थानीय निकाय विभाग के पद पर तैनात किया है। बरेली के मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार को पदोन्नति के बाद प्रमुख सचिव रेशम विभाग तैनात किया है। स्थानीय निकाय की निदेशक शकुंतला गौतम को श्रम आयुक्त कानपुर के पद पर तैनात किया है। अलीगढ़ की जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. को पदोन्नति के बाद बरेली मंडल का मंडल आयुक्त नियुक्त किया है। जौनपुर के सीडीओ अनुपम शुक्ला को विशेष सचिव ऊर्जा बनाया गया है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वितीय को डीएम के साथ उपाध्यक्ष गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। महराजगंज के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सीलम साई तेजा को जौनपुर का नया सीडीओ बनाया गया है।
यह भी पढें : अब कहीं भी खड़े नहीं होंगे ठेले, पटरी दुकानों के लिए भी जगह तय
महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
