प्रादेशिक डेस्क
प्रयागराज। प्रतापगढ़ जिले में कंधई इलाके के पिपरी खालसा गांव में हुए हादसे में सिपाही समेत पांच लोगों की मौत के बाद शवों के खजोहरी गांव पहुंचने पर हर तरफ चीखपुकार मच गई। एक साथ पांच लाशें देख और परिवारीजनों की चीत्कार सुनकर ग्रामीणों का कलेजा मुंह को आ गया। रात से ही रोते-रोते परिवार के लोगों की आंखें पथरा गई थीं। बाद में चालक का शव उसके नए घर ले जाया गया। शाम को सभी का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक साथ पांच लोगों की चिता जलने से लोगों का कलेजा दहल गया।
कंधई के पिपरी खालसा में रविवार रात कार से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिससे बोलेरो सवार सिपाही संदीप समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंचे कंधई थाने के सिपाही ने संदीप के मोबाइल से रिश्तेदार को फोन कर घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लोग भागकर अस्पताल पहुंचे। यहां एक साथ पांच शवों को देख लोगों की रूह कांप उठी। पुलिस ने शवों को मर्चरी भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद सिपाही संदीप, उसके चचेरे भाई अखिलेश व परिवार के राहुल उर्फ अमरेंद्र और संदीप यादव के शवों को एंबुलेंस से मानधाता पुलिस की निगरानी में खजोहरी भेजा गया। जबकि दूसरी एंबुलेंस से चालक पप्पू का शव आईटीआई के पीछे ले जाया गया। परिवार के लोग पैतृक गांव खजोहरी जाने के लिए तैयार नहीं हुए। शवों के पहुंचते ही परिवार के लोग बिलखने लगे।

दिन में मंगनी, रात में हो गई मौत
नगर कोतवाली के खजोहरी निवासी संदीप कुमार यादव पुत्र विश्वनाथ यादव चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। संदीप के पिता विश्वनाथ वन विभाग में दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। संदीप वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। हालांकि मामला कोर्ट में जाने के बाद तीन साल पहले ही उसे तैनाती मिली थी। मौजूदा समय में उसकी तैनाती मऊ जनपद की नगर कोतवाली में थी। परिवार के लोगों ने रूपापुर की रहने वाली सुप्रिया यादव से उसकी शादी तय की थी। मंगनी होने के कारण वह एक दिसंबर को अवकाश लेकर घर आया था। रविवार को खुशी के माहौल में मंगनी की रस्म अदा हुई। शाम को संदीप अपने बड़े भाई संतोष की ससुराल में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बोलेरो से निकला। रात में अचानक आई उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। खुशी वाले घर में चीत्कार की गूंज सुनाई देने लगी। सोमवार को उसे ड्यूटी पर लौटना था। संदीप के शव से भाई संतोष यादव, शैलेष व प्रज्ज्वल के साथ ही मां सीता देवी लिपटकर रोती रहीं।


यह भी पढ़ें : जब पेड़ से अचानक बरसने लगे पांच-पांच सौ के नोट!
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
