Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News:अपराधियों की तरह छिप रहे महोबा के पूर्व एसपी

UP News:अपराधियों की तरह छिप रहे महोबा के पूर्व एसपी

प्रयागराज की क्राइम ब्रांच ने तलाश में कई स्थानों पर किया छापेमारी

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। महोबा जिले के कप्तान रहे आईपीएस मणिलाल पाटीदार को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी प्रयागराज की क्राइम ब्रांच को दी गई है। क्राइम ब्रांच ने पूर्व कप्तान की तलाश में राजस्थान में छापेमारी की। उनके घर और रिश्तेदारों के यहां पहुंची पुलिस ने छानबीन की, हालांकि वहां पर कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस प्रयागराज समेत अन्य जिलों में भी नजर रखी है। बताया जा रहा है कि पूर्व आईपीएस कोर्ट की शरण में जाने वाले हैं। महोबा के पूर्व कप्तान मणिलाल पाटीदार की गिरफ्तारी के लिए एडीजी जोन प्रेम प्रकाश ने प्रयागराज के एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा के निर्देशन में एक टीम का गठन किया। यमुनापार क्राइम ब्रांच प्रभारी वृंदावन राय समेत अन्य लोगों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। पुलिस टीम कुछ दिन पहले ही मणिलाल पाटीदार की तलाश में उनके आवास राजस्थान गई थी। संदिग्ध मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लेकर उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
गौरतलब है कि महोबा के रहने वाले क्रेशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी को 8 सितंबर को गोली मारी गई थी। पांच दिन बाद उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। कारोबारी की मौत के बाद उनके भाई रवि कांत ने महोबा के पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार और कबरई थाने के तत्कालीन थानेदार समेत दो अन्य के खिलाफ हत्या व साजिश की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस प्रकरण की जांच के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में पूर्व एसपी को क्लीन चिट दे दी लेकिन आत्महत्या के लिए उकसाने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उन्हें आरोपी बनाया गया। इसी प्रकरण में पूर्व एसपी की तलाश चल रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular