Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP Capsule : हड़ताल जारी रखेंगे वकील

UP Capsule : हड़ताल जारी रखेंगे वकील

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। अधिवक्ताओं द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे आंदोलन को स्थगित करने के बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के आदेश को लखनऊ बार, सेंट्रल बार और अवध बार एसोसिएशन ने मानने से इंकार कर दिया है। रविवार दोपहर तीनों बार के पदाधिकारियों ने बैठक करके यह निर्णय लिया। लखनऊ बार एसोसिएशन ने महामंत्री कुलदीप नारायण मिश्रा और सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री ब्रजेश कुमार यादव ने कहा कि अधिवक्ता हड़ताल जारी रखेंगे, क्योंकि हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कराने के मामले के दोषी डीएम, एसपी पर अबतक कार्रवाई नहीं हुई है। जब तक घटना के जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हो जाती, उनकी लड़ाई जारी रहेगी। बार के पदाधिकारी सोमवार को बैठक करके आगे की अपनी रणनीति तय करेंगे तब तक पूर्व में लिए गए निर्णय का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विधिक कार्य नहीं करेंगे।

गन्ना किसानों को तोहफा दे सकती सरकार

प्रदेश सरकार चालू सत्र में गन्ना किसानों को मूल्य वृद्धि का तोहफा दे सकती है। मूल्य वृद्धि को लेकर गन्ना किसानों की लगातार उठ रही मांग और चुनावी माहौल को देखते हुए इसे तय माना जा रहा है। बता दें कि राज्य परामर्शित मूल्य (एसएपी) तय करने की प्रक्रिया कई चरणों से गुजरती है। गन्ना आयुक्त की अध्यक्षता में मूल्य निर्धारण समिति की बैठक के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एसएपी की बैठक के बाद मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस पर कैबिनेट की मंजूरी ली जाती है। वर्तमान में गन्ने का मूल्य अगैती प्रजाति के लिए 350 रुपये, सामान्य के लिए 340 रुपये और रिजेक्टेड प्रजाति के लिए 335 रुपये प्रति क्विंटल है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2021 में किसान आंदोलन के दौरान गन्ने का मूल्य 25 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाया था। गत वर्ष किसान संगठनों की मांग के बाद भी प्रदेश सरकार ने मूल्य वृद्धि नहीं की थी। इस वर्ष ऐसे में इस वर्ष सरकार पर मूल्य बढ़ाने का दबाव बढ़ता जा रहा है। सूत्रों की मानें तो राज्य परामर्शित मूल्य तय करने के लिए उच्चस्तरीय सहमति बन चुकी है। जल्द ही मूल्य निर्धारण समिति की बैठक होगी और इसके बाद प्रस्ताव कैबिनेट भेजा जाएगा।

वृंदावन में फिर हुआ हादसा

तीर्थनगरी मथुरा के वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर के समीप रविवार की तड़के एक बार फिर एक जर्जर भवन की दीवार धराशाई हो गई। यह भवन श्रावण कुमार खेमका का बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि जिस समय दीवार गिरी उस समय बांके बिहारी मंदिर के पट बंद थे। इससे आसपास भीड़भाड़ नहीं थी। इससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। गली नंबर एक जुगलघाट से होकर बांके बिहारी मंदिर से दर्शन कर श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। जहां दीवार भरभरा कर गिर गई। स्थानीय लोग दीवार गिराने कारण लगातार हो रही बारिश को बता रहे हैं। जिस भवन की दीवार गिरी है वह भवन लंबे समय से खाली है। पूर्व में इसी भवन में गौशाला थी। बताते चलें कि यहां पिछले महीने 15 अगस्त के दिन भी बड़ा हादसा हो गया था। एक जर्जर भवन की छत गिर गई थी। मलबे में दबकर पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हो गए थे। उस समय भी जर्जर मकानों को गिराने की बात उठी थी, लेकिन अभी तक उसमें कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। रविवार को फिर एक मकान की दीवार ढह गई।

योगी ने पंत को दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री व देश के पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 136वीं जयंती पर लोक भवन परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने। प्रदेश की तरक्की और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए उन्होंने सतत प्रयास किया था। सीएम योगी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ ने आजादी की लड़ाई में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था। उनकी कर्मठता, उनकी राष्ट्र निष्ठा व संगठन क्षमता को ध्यान में रखकर उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का दायित्व दिया गया। वह स्वतंत्र भारत के उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने फिर उन्होंने गृहमंत्री के रूप में देश व प्रदेश की सेवा की।

यूपी सरकार खोलेगी आवासीय संस्कृत विद्यालय

राज्य में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये प्रदेश सरकार सभी जिलों में आवासीय संस्कृत विद्यालय खोलने जा रही है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के सदस्य जे.पी. सिंह ने बताया कि नये संस्कृत आवासीय स्कूल आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। कॉन्वेंट स्कूल की तज पर खोले जाने वाले इन स्कूलों में एनसीआरटी की पुस्तकों से पढ़ाई होगी। इसके अलावा रोजगारपरक शिक्षा भी दी जायेगी। पहले चरण में पैंतीस और दूसरे चरण में चालीस संस्कृत विद्यालयों की स्थापना की जायेगी।

सोमवार से होगी प्राथमिक बच्चों की परीक्षा

’निपुण भारत मिशन’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए योगी सरकार सोमवार से निपुण आंकलन परीक्षा का आयोजन करने जा रही है। 11 से 16 सितम्बर 2023 तक चलने वाली इस परीक्षा के माध्यम से कक्षा 1-5 तक के बच्चों का भाषा एवं गणित विषयों का तथा कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों का गणित एवं विज्ञान विषयों का आंकलन किया जाएगा। खास बात यह है कि परीक्षा ‘सरल एप’ के माध्यम से ली जाएगी और पहली बार बच्चे ओएमआर शीट पर सवालों के जवाब देंगे। निपुण एसेसमेंट टेस्ट का पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण आयोजन कराने के लिए सभी जनपदों के बीएसए व डायट प्राचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही शिक्षकों द्वारा सामुदायिक सहभागिता, होम विजिट के माध्यम से छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए भी कहा गया है। एक ओएमआर शीट द्वारा एक छात्र का डाटा शिक्षक द्वारा आंकलन पूर्ण होने के बाद सरल एप के जरिए स्कैन किया जाएगा। ओएमआर शीट को केवल ब्लैक बॉल पेन से ही भरा जाएगा। इसके लिए कक्षा 4 से 8 के बच्चों को कम्पोजिट ग्राण्ट से अधिकतम 5 रुपए प्रति पेन क्रय करते हुए बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्रों के मूल्यांकन के बाद सभी बच्चों को उनके रिपोर्ट कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular