Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP Capsule : चार हादसों में 20 मौतें

UP Capsule : चार हादसों में 20 मौतें

जानकी शरण द्विवेदी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों में अलग-अलग हादसों में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। विवरण के अनुसार, मथुरा जिले के जैंत थाना क्षेत्र में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर शनिवार को तड़के हुए एक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों सहित चार की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को न्यूरो अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, कार सवार पांच लोग कोसी नंदगांव रोड स्थित कोकिला वन शनिधाम दर्शन करने जा रहे थे। हादसे में अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी के गांव सारसुल निवासी निविध बंसल, आलोक दयाल व आकाश तथा ट्रक चालक बिहार के छपरा निवासी अजीत कुमार की मौत हो गई। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की फतेह अली रेलवे कॉलोनी में देर रात एक मकान की छत ढह जाने से पांच लोगों की दब जाने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाकर पांच लोगों को बाहर निकला और उन्हें इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने सतीश चंद्र, सरोजनी देवी, हर्षित, हर्षिता और अंश को मृत घाषित कर दिया। रायबरेली जिले के खीरों थाना क्षेत्र में उन्नाव-लालगंज मुख्य मार्ग पर केसौली गांव के पास शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे खड़े ट्रक में पीछे से कार घुस जाने से कार सवार मां व बेटों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में दो सगे भाइयों विनय प्रताप सिंह व अभय प्रताप सिंह पुत्र गण शिवमंगल सिंह तथा उनकी मां कल्पना सिंह की मौत हो गई। ग्रेटर नोएडा में आम्रपाली के ड्रीम वैली फेस-2 प्रोजेक्ट में निर्माणाधीन साइट पर लिफ्ट गिरने से शुक्रवार की देर शाम जख्मी हुए चार मजदूरों की उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में कांस्ट्रक्शन कंपनी और एनबीसीसी के अधिकारियों पर सुरक्षा के मानकों को दरकिनार करने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में भारतीय दंड विधान की धारा 304, 308, 337, 338, 287, 34 व 7 सीएल एक्ट के तहत केस दर्ज कर 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दो अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान

महात्मा गांधी की पुण्य जयंती पर स्वच्छ भारत दिवस मनाने के लिए योगी सरकार ने प्रदेश के सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में दो अक्तूबर तक एक गहन स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत विद्यालयों में स्वच्छता के महत्व को प्रचारित करते हुए विद्यालय और समुदाय आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस कार्यक्रम की मुख्य थीम मेरा विद्यालय-स्वच्छ विद्यालय होगी। इससे पहले योगी सरकार ने प्रदेश के समस्त शिक्षण संस्थानों में 01 सितंबर से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा भी आयोजित किया था, जो अब 2 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा।

महाकुम्भ के लिए फिर एक हजार करोड़ जारी

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने वर्ष 2025 में प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ के लिए खजाने का मुंह खोल दिया है। शनिवार को मेला की तैयारियों से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं पर काम करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इसके बाद प्रयागराज में निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। सरकार ने महाकुंभ की तैयारियों लिए 2500 करोड़ रुपये जारी करने का एलान किया था। इससे पहले 30 मई को भी 1000 करोड़ रुपये दिए गए थे।

सनातन का न आदि है, न अंत-राजनाथ

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सनातन का न कोई आदि है, और न ही अंत। दुनिया की कोई ताकत इसे मिटा नहीं सकती है। लखनऊ में शनिवार को एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इस पूरे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ने पूरी दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दिया है, यानी पूरी दुनिया हमारा परिवार है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ऐसी है कि जब घर में हमारी माताएं-बहनें आटा सानती हैं, तो पास से गुजर रही चींटी को भी आटा का एक छोटा सा हिस्सा दे देती हैं। रक्षा मंत्री आज से तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। इस दौरान वह अपने संसदीय क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ विकास कार्यों व परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना के लांच रिले कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। 17 सितंबर को दोपहर में दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

पुलिस कर्मियों को मिलेगा ऑफ ड्यूटी दिवस

उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने पुलिस कर्मियों के लिए एक अभिनव पहल की है। जिले के सभी पुलिस कर्मियों को नौ दिन की ड्यूटी के बाद एक दिन का आराम मिलेगा। इसे ऑफ ड्यूटी दिवस नाम दिया है। इसका लाभ थाना, डायल-112, यातायात आदि शाखाओं में तैनात पुलिस कर्मियों को मिलेगा। एसपी ने यह व्यवस्था 21 सितंबर से लागू किए जाने का निर्देश जारी कर दिया है। एसपी के अनुसार, निरीक्षक, उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी तथा आरक्षी के अलावा यह सुविधा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी दी जाएगी। आफ ड्यूटी दिवस सुबह आठ से दूसरे दिन सुबह आठ बजे तक अनुमन्य होगा। इसके लिए एक रोस्टर बनाया जा रहा है। आफ ड्यूटी को अवकाश नहीं माना जाएगा और न ही इसे अवकाश में जोड़ा जाएगा। आफ ड्यूटी की व्यवस्था को आपात कालीन रिजर्व के रूप में प्रयोग में लाया जाएगा। कभी भी आवश्यकता पड़ने पर सभी पुलिस कर्मियों को उपस्थित होना पड़ सकता है। इसलिए पुलिस कर्मियों को जिले से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें बैरक अथवा आवास में ही आराम करना होगा। उनकी आकस्मिक तौर पर गणना भी की जाएगी। इस दौरान किसी पुलिस कर्मी के गैरहाजिर मिलने पर उसे अगले चार आफ ड्यूटी से वंचित कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था पुलिस कर्मियों को तनाव से मुक्ति दिलाने के लिए की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular