Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाUP : हाथ में कुरान लेकर महाराजगंज के लिए रवाना हुए इरफान

UP : हाथ में कुरान लेकर महाराजगंज के लिए रवाना हुए इरफान

बीवी-बच्चों को देख फफक कर रोए, पत्नी ने कहा-सरकार कर रही ज्यादती

प्रादेशिक डेस्क

कानपुर। महिला का प्लाट कब्जा करने की कोशिश व आगजनी, फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा और बांग्लादेशी नागरिक रिजवान मोहम्मद को भारतीय बताने का प्रमाण पत्र देने के आरोप में जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी बुधवार को प्रशासनिक आधार पर कानपुर जिला कारागार से महाराजगंज जिला कारागार के लिए रवाना हो गए। पुलिस के काफिले के अलावा उनके परिवार के कुछ लोग और समर्थक भी महाराजगंज तक साथ गए हैं। जेल में विभिन्न मामलों में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी को प्रशासनिक आधार पर मंगलवार जिला कारागार कानपुर से जिला कारागार महाराजगंज स्थानांतरित करने का आदेश हुआ था। सुबह करीब 10ः15 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच इरफान सोलंकी को पुलिस महाराजगंज जेल के लिए लेकर रवाना हुई। काली पेंट और सफेद जैकेट पहने इरफान सोलंकी जेल से बाहर आए तो उनके हाथों में एक किताब भी थी। जब इरफान से पूछा गया कि क्या ये कुरान है तो उन्होंने जवाब में सिर हिला कर ‘हां’ कहा।
जेल के बाहर पत्नी नसीम सोलंकी और बच्चों के साथ अन्य परिवारीजन उनका इंतजार कर रहे थे। परिवार वालों को देखते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने हाथ हिलाकर परिवार वालों का अभिवादन किया तो बच्चों ने भी हाथ हिलाकर ही जवाब दिया। इस बीच पुलिस वालों ने उन्हें सुरक्षा कारणों से तेजी के साथ गाड़ी में बैठने को कहा तो विधायक से पुलिसकर्मियों से कुछ नोकझोंक भी हुई। इसके बाद विधायक का काफिला महाराजगंज के लिए रवाना हो गया। इससे पहले जब मीडियाकर्मियों ने इरफान सोलंकी से कुछ बोलने के लिए कहा तो उन्होंने हाथ हिलाकर बात करने से मना कर दिया। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि उनके हाथ में जो किताब है वह कुरान है तो उन्होंने सहमति का सर हिलाया और गाड़ी में जाकर बैठ गए। जेल अधीक्षक डॉ बीडी पांडेय ने बताया कि सपा विधायक को सड़क मार्ग से महाराजगंज ले जाया जा रहा है। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कमिश्नरेट पुलिस से पुलिस बल मुहैया कराया गया है। इसके अलावा बीच में पड़ने वाले जनपदों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। इरफान सोलंकी के रवाना होने के बाद जब इस संबंध में उनकी पत्नी नसीम सोलंकी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और उनके पति सुरक्षित नहीं है।

सोलंकी के जेल से लिए गए 1350 हस्ताक्षर नमूने

सपा विधायक इरफान सोलंकी के महाराजगंज जेल जाने से पहले पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक रिजवान मोहम्मद मामले में उनसे हस्ताक्षर के नमूने लिए। सपा विधायक से पुलिस ने 1350 हस्ताक्षर नमूने लिए हैं। इन नमूनों को अब जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। बता दें कि मूलगंज पुलिस ने 11 दिसंबर को बांग्लादेशी नागरिक रिजवान मोहम्मद को उसकी पत्नी हिना, ससुर खालिद, बेटी रुकसार और एक नाबालिग बेटे के साथ गिरफ्तार किया था। दो दिनों बाद पुलिस ने रिजवान के सबसे छोटे बेटे को भी गिरफ्तार कर किशोर संरक्षण गृह भेजा था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि रिजवान मोहम्मद बांग्लादेश का रहने वाला है, यह जानते हुए भी सपा विधायक इरफान सोलंकी ने उसे इस बात का प्रमाणपत्र दिया कि वह उसे अच्छी तरह से जानते हैं और वह भारतीय नागरिक है। यही नहीं रिजवान और उसकी पत्नी के कूटरचित आधार कार्ड का पता बदलवाने के फार्म को भी विधायक इरफान सोलंकी ने ही प्रमाणित किया था। पुलिस के पास इन दोनों दस्तावेजों की मूल प्रतिलिपि हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि विधायक के हस्ताक्षर वाले जो दस्तावेज मिले हैं, उन हस्ताक्षरों को प्रमाणित कराना है। इसीलिए पुलिस ने मंगलवार को जेल में सपा विधायक इरफान सोलंकी से उनके हस्ताक्षर के नमूने लिए। विधायक से 1350 हस्ताक्षर नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार विधायक के 1350 हस्ताक्षर लिए गए हैं। पुलिस ने एक पन्ने पर 27 हस्ताक्षरों के लिए कालम बनाए थे। कुल मिलाकर 50 पन्नों में हस्ताक्षर कराए गए। इतनी बड़ी संख्या में हस्ताक्षर करने में विधायक को करीब पौन घंटे का समय लगा।

UP : हाथ में कुरान लेकर महाराजगंज के लिए रवाना हुए इरफान

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular