मेरठ (हि.स.)। पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है। जहां पुलिस अब तक हजारों लोगों को मुचलका पाबंद कर चुकी है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग पंचायत चुनाव में अवैध शराब की खपत रोकने के लिए संयुक्त रुप से भी कार्रवाई कर रहे हैं।
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुराने विवादों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक लगभग तीन हजार लोगों को मुचलका पाबंद किया जा चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में लाइसेंसी हथियारों को जमा कराया जा रहा है। इसी के साथ अवैध हथियारों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का खुलासा कर रही है। हाल ही में मुंडाली पुलिस ने भी एक अवैध क्षेत्र फैक्ट्री का खुलासा किया है। चुनाव के दौरान अवैध शराब की खपत को रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं। जिसके चलते हाल ही में परतापुर सहित कई इलाकों में अवैध शराब फैक्ट्रियां पकड़ी गई हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित प्रत्याशियों के विषय में जानकारी जुटाकर उन पर नजर रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों के साथ सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
