इटावा (हि.स.)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर प्रत्येक परिवार से एक बेटा और एक बेटी को सरकारी नौकरी दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताने वाले खुद दिल्ली में जाकर भाजपा नेताओं से मिलते हैं। उन्होंने जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहे उनकी पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
शुक्रवार को शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर हाईवे पर आगरा रोड स्थित एक निजी प्रतिष्ठान पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। प्रसपा नेता विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ सोनू के संयोजकत्व में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शिवपाल ने कहा कि सपा से समझौते का प्रयास और परिवार को एकजुट बनाए रखने की कोशिश उनकी लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि समझौते के अभाव में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा कर गठबंधन का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में अफवाहों और षड्यंत्रकारियों से बचें। किसी भी समस्या के लिए सीधे उन्हें सीधे मिलें या फोन कर बात करें। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या दो से प्रसपा के युवा नेता विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ सोनू की पत्नी सीमा यादव के नाम की औपचारिक घोषणा की। अन्य प्रत्याशियों की घोषणा जल्द ही किए जाने का आश्वासन दिया है।
