Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUpdated : कन्नौज हिंसा की DM, SP पर गिरी गाज, 14 अन्य...

Updated : कन्नौज हिंसा की DM, SP पर गिरी गाज, 14 अन्य अफसर भी बदले

जानकी शरण द्विवेदी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शनिवार को प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद हुए बवाल की गाज डीएम और एसपी पर गिरी है। शासन ने आज दोनों अधिकारियों को हटा दिया है। इसके साथ ही प्रदेश में 10 अन्य आईपीएस तथा चार आइएएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। कन्नौज के डीएम राकेश कुमार मिश्रा को हटाकर प्रतीक्षारत किया गया। उनकी जगह शुभ्रांत शुक्ला को कन्नौज का नया डीएम बनाया गया है, जबकि एसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव को हटाते हुए जगह कुंवर अनुपम सिंह को नया एसपी बनाया गया है। बताते चलें कि कल कन्नौज जिले में पुलिस की लापरवाही की वजह से घटना हिंसक हो गई थी। इसके बाद शासन ने कठोर फैसला लिया। आज किए गए तबादलों में डीजी बीके मौर्या को डीजी लाजॉस्टिक उत्तर प्रदेश बनाया गया है। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ को केंद्र की प्रतिनियुक्ति से वापस आने पर यातायात सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ की शाखा में एडीजी बनाया गया है। आईजी से एडीजी बने मोहित अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक तकनीकी सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ से एडीजी तकनीकी सेवा की शाखा में तथा भजनी राम मीणा को पीएससी पूर्वी जोन प्रयागराज से एडीजी रोल एंड मैनुएल्स उत्तर प्रदेश लखनऊ की शाखा में तैनात किया गया है। पीटीसी सीतापुर में तैनात एसपी शफीक अहमद को वेटिंग लिस्ट में डाला गया है। पीटीसी जालौन के एसपी राधे मोहन भारद्वाज को सेनानायक 28वीं वाहिनी पीएसी इटावा में तैनात किया गया है। हिमांशु कुमार सेनानायक 28वीं वाहिनी पीएसी इटावा से 23वीं सेनानायक वाहिनी पीएसी मुरादाबाद में तैनात किए गए हैं। मुरादाबाद तहसील वाहिनी पीएसी में तैनात शालिनी को 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद में भेजा गया है। गृह विभाग ने एडीजी सतीश कुमार माथुर को रूल्स एंड मैनुएल्स उत्तर प्रदेश लखनऊ के साथ-साथ एडीजी मानवाधिकार उत्तर प्रदेश लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार और मानवाधिकार उत्तर प्रदेश लखनऊ का मूल प्रभार भी सौंपा गया है। आइएएस अधिकारियों में नगर आयुक्त बरेली अभिषेक आनंद को जिलाधिकारी चित्रकूट बनाया गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में काफी दिनों से तैनात जगदीश को विशेष सचिव आबकारी बनाया गया है। विशेष सचिव आबकारी रहीं निधि गुप्ता वत्स को नगर आयुक्त बरेली बनाया गया है। अपर आयुक्त एवं निबंधक (प्रशासन) सहकारिता के पद पर तैनात खेम पाल सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज का नया सचिव बनाया गया है।

कोतवाल व दो दारोगा निलम्बित

इसके अलावा तालग्राम के प्रभारी निरीक्षक हरिश्याम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यहां जीतेंद्र सिंह को नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा तालग्राम थाने के दो उपनिरीक्षक विनय कुमार और राम प्रकाश भी निलंबित किए गए हैं। बता दें कि तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव रसूलाबाद और फिर कस्बे के मोहल्ला टिकुरियान में बिगड़े हालात के बाद इलाके के सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना की जानकारी पर कानपुर के मंडलायुक्त राजशेखर और आईजी प्रशांत कुमार भी तालग्राम पहुंचे। उन्होंने थाने में डीएम और एसपी से पूरी घटना की जानकारी ली। आईजी ने आगजनी करने वाले लोगों को चिन्ह्ति कर रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश भी दिए हैं। रसूलाबाद में हुई घटना के बाद पूरा प्रकरण सांप्रदायिक हो गया। अराजकतत्वों ने दोनों धर्म के लोगों के धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाया, तो कई दुकानों में भी आग लगा दी। इसको देखते हुए डीएम और एसपी के आदेश पर कस्बे और इसके आसपास स्थित सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पीएसी, फायर टेंडर, वज्र वाहन भी तालग्राम में ही हैं। डीएम और एसपी ने कलकत्तापुरवा जाकर ग्रामीणों को समझाया और अराजकता करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। यहां के ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिसने भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इस वजह से हुई यह घटना

बताते चलें कि जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव के मंदिर परिसर मेंं शनिवार को तड़के कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा कथित तौर पर मांस के टुकड़े फेंकने और दो स्थानों पर मूर्तियों को अपवित्र किए जाने के बाद सांप्रदायिक झड़पें हुईं, कई लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। दुकानों में आग लगा दी गई। पुलिस ने कहा कि इसके बाद हुई हिंसा में एक कब्रिस्तान का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई, जब मंदिर के पुजारी जगदीश चंद्र ने मंदिर के अंदर मांस के टुकड़े पाए और पुलिस को इसकी सूचना दी। सीओ शिव प्रताप सिंह और प्रभारी निरीक्षक हरि श्याम सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे स्थान की सफाई कराई। हालांकि, पुलिस पर घटना पर चुप रहने का आरोप लगाते हुए सड़क पर भीड़ जमा हो गई और तालग्राम-इंदरगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। तीन घंटे तक नाकाबंदी जारी रही, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। जैसे ही नाकाबंदी हटाई गई, भीड़ क्रोधित हो गई और चार दुकानों को जला दिया और साथ ही एक कब्रिस्तान में प्रवेश किया, जहां उन्होंने इसके द्वार को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रकरण में अब तक विभिन्न पक्षों की तरफ से तीन अभियोग दर्ज कराए गए हैं।

Updated : कन्नौज हिंसा की DM, SP पर गिरी गाज, 14 अन्य अफसर भी बदले
कन्नौज में सांप्रदायिक हिंसा के बाद जलाईं गईं दुकानें

यह भी पढें : तीसरे दिन कब्र से पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई लाश

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular