नैनीताल। जनपद में चार माह पहले खोई एक पालतू बिल्ली की तलाश पर एक परिवार ने दो लाख रुपये खर्च कर दिए। यह दंपति बेंगलुरु का रहने वाला है। दंपति बिल्ली को पाकर बहुत खुश है।
बेंगलुरु के रहने वाले हर्ष कपूर पिछले वर्ष 1 अक्टूबर 2020 को अपनी पत्नी भव्या कपूर तथा दो पालतू बिल्लियों-लियो व कोको के साथ तीन दिन के लिए नैनीताल घूमने आए थे। वह हल्द्वानी रोड पर भुजियाघाट के समीप सूर्यागांव में बने बलौट रिजॉर्ट में रुके। उन्होंने दोनों बिल्लियों को रिजॉर्ट के लॉन में स्वच्छंद घूमने के लिए छोड़ा। तभी लियो गायब हो गई। इस पर परेशान कपूर दंपति ने अपनी छुट्टियां तीन और बढ़ाकर लियो की आसपास के जंगल में भी तलाश की। यहां तक कि उन्होंने बिल्ली के ढूंढने वाले या पता बताने वाले को पांच हजार रुपये का इमान देने की भी घोषणा की। तमाम गांव वालों और रिजॉर्ट के कर्मियों के प्रयासों के बावजूद लियो नहीं मिल पाई। इस पर दंपति मायूस होकर 10 अक्टूबर को बेंगलुरु लौट गए। यह बिल्ली 21 जनवरी को किसी ग्रामीण को दिखाई दी। इसकी सूचना कपूर दंपत्ति को दी गई। कपूर दंपत्ति 25 जनवरी को बेंगलुरु से फ्लाइट पकड़कर भुजियाघाट पहुंचे, जहां दो दिन की कड़ी मेहनत के बाद उन्हें आखिरकार 26 जनवरी की रात उनकी बिल्ली लियो जंगल से लगे एक खंडहरनुमा मकान में मिल गई । इससे उन्होंने राहत की सांस ली है। लियो को फिर से पाकर कपूर दंपत्ति खासे खुश हैं। हर्ष कपूर का कहना है कि वैसे तो लियो और कोको सामान्य बिल्ली हैं। लेकिन दोनों बिल्लियां उन्हीं के घर में पैदा हुईं। इस कारण उनका उनसे गहरा पारिवारिक लगाव है। वो जहां भी जाते हैं बिल्लियां भी उनके साथ जाती हैं। लियो के गायब होने से वह बेहद परेशान थे। बताया गया है कि कपूर दंपत्ति के बिल्ली लियो की खोजबीन में फ्लाइट, टैक्सी, होटल और खाने-पीने से लेकर तकरीब ढ़ाई लाख रुपये खर्च हो गए हैं।
Submitted By: Edited By: Mukund
State News : बिल्ली की तलाश में दंपति ने खर्च किए ढाई लाख रुपये
RELATED ARTICLES
