बेगूसराय (हि.स.)। नवरात्रि के मौके पर शनिवार को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही बेगूसराय के तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। सिमरिया घाट, झमटिया घाट, सिहमा घाट, चाक घाट, राज घाट आदि जगहों पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलश स्थापना एवं पूजा-पाठ के लिए जल लेकर अपने घर गए। सिमरिया में बेगूसराय और मिथिलांचल समेत गंगा पार के जिलों के भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे जिसके कारण एनएच-31 पर जीरोमाइल से हाथिदह तक की दूरी तय करने में लोगों को पांच-छह घंटे से भी अधिक समय लगा।
यातायात नियंत्रण करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई व्यवस्था नहीं रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा वाहन रेंगते रहे। श्रद्धालुओं को दो-तीन किलोमीटर तक पैदल चलकर गंगा किनारे पहुंचना पड़ा। यही हाल झमटिया घाट का रहा, जहां यातायात नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं रहने के कारण एनएच-28 पर रानी से फतेहा तक महाजाम की स्थिति बनी रही। इधर सिमरिया घाट पर उमड़ी भारी भीड़ को लेकर अहले सुबह से ही अनिल निषाद समेत अन्य गोताखोरों की टीम लोगों को सतर्क करती रही, जिसके कारण किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
State News : नवरात्रि के मौके पर गंगा घाटों पर उमड़ी भारी भीड़, एनएच पर लगा महाजाम
RELATED ARTICLES
