जम्मू (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद की 280 सीटों के हुए चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू हो गई है। मतगणना अधिकारियों ने बैलेट बॉक्स खोलकर वोटों की गिनती शुरू कर दी है। अन्य जिला मुख्यालयों में भी संबंधित स्टाफ ने वोटों की गिनती शुरू कर दी है। इन तमाम मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। चुनावी नतीजे आज दोपहर तक आ जाएंगे। कुल 2178 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होने वाला है। आज तीस लाख से अधिक वोट गिने जाएंगे।वहीं, जम्मू के पॉलीटेक्निक कॉलेज बिक्रम चौक समेत विभिन्न जिलों में बनाए गए मतगणना केंद्रों के पास धारा 144 लागू कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए बिक्रम चौक से पॉलीटेक्निक कॉलेज के सामने से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। वहां तैनात सुरक्षाकर्मी सभी वाहनों को यूनिवर्सिटी रोड से भेज रहे हैं।बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पहली बार जिला विकास परिषद् के चुनाव हुए हैं। आठ चरणों में हुए चुनाव की शुरुआत 28 नवंबर से हुई थी और 19 दिसंबर को आठवां व अंतिम चरण का मतदान संपन्न हुआ।
