– आगामी 15 जनवरी से 27 फ़रवरी तक चलेगा निधि समर्पण अभियान
नई दिल्ली (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव एवं विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय ने कहा है कि जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर के लिए प्रत्येक रामभक्त का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए विहिप के कार्यकर्ता संतों और शेष समाज के लोगों के साथ घर-घर सम्पर्क करेंगे।
चम्पत राय ने बुधवार को नार्थ एवेन्यू स्थित विश्व संवाद केंद्र में पत्रकार वार्ता में कहा कि आगामी मकर संक्रांति (15 जनवरी) से माघ-पूर्णिमा (27 फ़रवरी) तक चलने वाले इस निधि समर्पण अभियान में विहिप कार्यकर्ता देश के चार लाख गांवों के 11 करोड़ परिवारों से संपर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए चलाया जाने वाला यह अभियान ऐसा होगा जो न पहले कभी हुआ था और न भविष्य में कभी होगा। उन्होंने कहा कि देश की हर जाति, मत, पंथ, संप्रदाय, क्षेत्र, भाषा के लोगों के सहयोग के साथ राम मंदिर वास्तव में एक राष्ट्र मंदिर का रूप लेगा। उन्होंने असंख्य रामभक्तों के संघर्ष एवं बलिदान को नमन् करते हुए प्रत्येक राम भक्त से इस रामकाज के लिए बढ़-चढ़ कर आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें सिर्फ निधि-दानी ही नहीं अपितु, समय-दानी भी चाहिए।
विहिप उपाध्यक्ष राय ने कहा कि श्रीराम की जन्मभूमि को पुन: प्राप्त कर देश के सम्मान की रक्षा के लिए हिन्दू समाज ने पांच सदियों तक संघर्ष किया। अंततः समाज की भावनाओं तथा मंदिर से जुड़ी इतिहास की सच्चाइयों को सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार कर केंद्र सरकार को एक न्यास बनाने का निर्देश दिया था। केंद्र सरकार ने “श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र” के नाम से ट्रस्ट की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अगस्त को अयोध्या में भूमि पूजन करके मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया को गति प्रदान की।
उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण की तैयारी चल रही है। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और गुवाहाटी के आईआईटी, सीबीआरआई रुड़की, लार्सन एंड टूब्रो तथा टाटा के विशेषज्ञ इंजीनियर मंदिर की मजबूत नींव की ड्राइंग पर परामर्श कर रहे हैं। बहुत शीघ्र नींव का प्रारूप सामने आ जाएगा। संपूर्ण मंदिर पत्थरों का है। प्रत्येक मंज़िल की ऊंचाई 20 फ़ीट, लंबाई 360 फ़ीट तथा चौड़ाई 235 फ़ीट है।
राय ने कहा कि देश की वर्तमान पीढ़ी को इस मंदिर के इतिहास की सच्चाइयों से अवगत कराने की योजना बनी है। देश की कम से कम आधी जनसंख्या को घर-घर जाकर श्रीराम जन्मभूमि की ऐतिहासिक सच्चाई से अवगत कराया जाएगा। कश्मीर से कन्याकुमार तथा अटक से कटक तक देश का कोई कोना नहीं छोड़ेंगे। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, अंडमान निकोबार द्वीप समूह तथा कच्छ के रण से पर्वतीय क्षेत्रों तक सम्पूर्ण भारत में विहिप कार्यकर्ता पहुंच कर राम मंदिर का साहित्य देंगे तथा उनका सहयोग लेंगे। लोगों की प्रबल इच्छा है कि जन्मभूमि पर मंदिर शीघ्र बने।
विहिप उपाध्यक्ष राय ने कहा कि इस जन-संपर्क अभियान में लाखों कार्यकर्ता जुटेंगे तथा समाज स्वेच्छा से सहयोग करेगा क्योंकि काम भगवान का है और मंदिर राम का है। भगवान के कार्य में धन बाधा नहीं हो सकता। आर्थिक विषय में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए न्यास ने 10, 100 तथा 1000 रुपये के कूपन और रसीदें छापी हैं। समाज जैसा देगा उसी के अनुरूप कार्यकर्ता कूपन या रसीद देंगे। करोड़ों घरों में भगवान के मंदिर का चित्र भी पहुंचाएंगे।
National News : राम मंदिर के निर्माण में सभी रामभक्तों का लिया जाएगा सहयोग : चम्पत राय
RELATED ARTICLES
