अनूप शर्मा
नई दिल्ली (हि.स.)। भारत ने म्यांमार को लेकर आसियान देशों की पहल का स्वागत किया है। आसियान देशों ने म्यांमार की सैन्य सरकार को जनता के खिलाफ दमन के लिए हिंसा के प्रयोग को तुरंत बंद करने और राजनीतिक बंदियों को रिहा करने की अपील की थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत 24 अप्रैल को आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन में म्यांमार पर आसियान की पहल का स्वागत करते हैं। म्यांमार के साथ भारत के राजनयिक जुड़ाव का उद्देश्य इन प्रयासों को मजबूत करना है। भारत, म्यांमार के लोगों के साथ है और म्यांमार की वर्तमान स्थिति का हल करने के उद्देश्य से एक रचनात्मक और सार्थक भूमिका निभाता रहेगा। म्यांमार में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए भारत का समर्थन स्थिर है।
उल्लेखनीय है कि म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के खिलाफ जन आंदोलन जारी है। इन आंदोलनों का दमन करने के लिए सैन्य शासन हिंसा का रास्ता अपना रहा है। इसी का 10 दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन जिसका म्यांमार भी सदस्य ने विरोध किया है।
