Saturday, April 4, 2026
Homeराष्ट्रीयNational News : पुण्यतिथि पर सोनिया और प्रियंका ने इंदिरा गांधी को...

National News : पुण्यतिथि पर सोनिया और प्रियंका ने इंदिरा गांधी को किया याद

-राहुल ने जीने का सही रास्ता दिखाने के लिए दिया धन्यवाद

नई दिल्ली (हि.स.)। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आज पुण्यतिथि है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पूर्व प्रधानमंत्री की समाधि ‘शक्ति स्थल’ पर पहुंच श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हुए उनके द्वारा रास्ते दिखाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने लिखा, “असतो मा सद्गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय, मृत्योर्मामृतं गमय। असत्य से सत्य की ओर, अंधेरे से प्रकाश की ओर, मृत्यु से जीवन की ओर। शुक्रिया दादी! आपने मुझे इन शब्दों का सही अर्थ समझाया और इन शब्दों के साथ जीना सिखाया।’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। इंदिरा गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन। भारत की पहली महिला पीएम के रूप में उनका निर्णायक नेतृत्व प्ररेणादायी है. उन्होंने देश की एकता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।”

उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। आज ही के दिन 1984 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं। इसके बाद 1980 में दोबारा वह इस पद पर पहुंचीं। वह वर्ष 1959 से 1960 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष भी रहीं थीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular