लखनऊ (हि.स.)। गुजरता हुआ साल 2020 किसी बुरे ख्वाब की तरह देश-दुनिया के हर इंसान के मनमस्तिष्क पर रहा। कोरोना ने इस साल को बदरंग बना दिया। जिन्दगी ठहर गई। अब जब 2021 दहलीज पर खड़ा है तो इसे खुशरंग बनाने की सोचें। आने वाले साल को खुशरंग बनाया जा सकता है। हालांकि कोरोना के नए स्ट्रेन की सम्भावनाओं के मद्देनजर कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।
कोरोना 2020 में प्रहारमयी रहा और ऐसा नहीं है कि नये साल 2021 में यह खतरनाक वायरस देश से गायब हो जाएगा। वैक्सीन आने और उसके नतीजों के बाद स्थिति साफ होगी। वहीं इससे पहले इस वायरस का नया स्ट्रेन देश में आ गया है। उत्तर प्रदेश में भी नए स्ट्रेन के संक्रमण ने दस्तक दे दी है।
इसको लेकर सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ विभाग की ओर से पूरे प्रदेश के लिए विभागीय अधिकारियों व पैरामेडिकल स्टॉफ के लिए बकायदा एडवाइजरी भी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि वे बदले स्ट्रेन को लेकर पूरी एहतितात बरतें और अस्पतालों को भी हाई अलर्ट पर रखें। लिहाजा हमें इस वायरस के साथ ही नए साल की खुशियां मनानी होगी। केजीएमयू के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर अरविंद मिश्रा के मुताबिक नए साल के आगमन की खुशी में घरों में दिल खोलकर पार्टी करें। बस अपने हर दोस्त के साथ दो गज दूरी बनाकर बैठें। आपकी यह सतर्कता आपको ही बचाएगी। प्रदेश सरकार ने भी बिना अनुमति के होटल-रेस्तरां में पार्टी करने पर रोक लगाई है। सौ से अधिक लोगों के शामिल होने की अनुमति नहीं है। इसे लेकर गाइडलाइन का पालन करें।
उन्होंने कहा कि बाहर न ही निकलें। जरूरी हो तो ही निकलें तो मास्क जरूर पहन लें। इससे आपकी ही सुरक्षा होगी। अतिउत्साह या लापरवाही बरतकर दोस्तों से हाथ न मिलाएं, अभिवादन करें। डॉ. अरविंद के मुताबिक ये जरा-जरा सी सावधानियां बरतकर प्रदेश का हर नागरिक अपनी जिन्दगी को 2021 में खुशरंग बना सकता है।
