लखनऊ (हि.स.)। शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी की कुरान से 26 आयतों को हटवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका पर रविवार को बवाल बढ़ गया। वसीम रिजवी ने एक और वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने अपनी बातों को दोहराया। वसीम के भाई जहीर ने पलटवार करते हुए परिवार को उनके विचार से अलग बताया। वहीं इमामबाड़ा पर तमाम धर्मगुरुओं ने एकत्रित होकर वसीम रिजवी के खिलाफ जलसा तहफ़्फ़ुज-ए क़ुरान कर विरोध प्रदर्शन किया।
रविवार को वसीम रिजवी ने कुरान की आयतों पर अपना एक और वीडियो जारी कर कहा कि कुरान में जोड़ी गयी 26 आयतों को नये मुल्ला पढ़ाकर बच्चों को आतंकवादी बनाते हैं। पूरी दुनिया में इस्लामिक आतंकवाद बड़ा मामला है और अपना हिंदुस्तान भी उससे अछूता नहीं है। इन्ही आयतों के कारण कश्मीर में कश्मीरी हिंदूओं के खिलाफ जुर्म किये गये। उन्हें कश्मीर से निकाला गया। उनके बच्चीयों के साथ अत्याचार हुए। कई जगहों पर धर्म के नाम पर लोगों को मार दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि कुरान के भीतर साजिश करके अबु बकर, उमर और उस्मान ने जो आयतों को डाला है, ये अल्लाह का कलाम नहीं हो सकता। अल्लाह किसी के खिलाफ जुर्म करने को नहीं कह सकता। उस्मान ने जिसे पूरी दुनिया में लागू कर दिया, उसे कहा जा रहा है कि इस कुरान के अलावा पूरी दुनिया में दूसरा कुरान नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुरान की आयतों को लेकर हर तरफ हंगामा फैल गया है। हम एक तरफ है और पूरा इस्लामिक वलर्ड एक तरफ है। कल मेरा इंतकाल हो जाये तो मेरे पास चार मेरे ऐसे दोस्त हैं जो हमे कब्रिस्तान तक पहुंचा सकते हैं। दूसरे धर्म के लोग भी हैं, जो हमसे मोहब्बत करते हैं और जो साक्षी है कि एक आदमी है जो हक की बात कह रहा है। मेरे बीबी, बच्चे, भाई मेरा साथ छोड़ चुके हैं लेकिन ये लड़ाई अंतिम दम तक लड़ता रहूंगा।
वसीम रिजवी के वीडियो जारी होने के कुछ देर के भीतर ही उनके भाई जहीर रिजवी ने वीडियो जारी किया। जहीर रिजवी ने कहा कि वसीम रिजवी पूरी तरह से पागल हो गए हैं। वसीम का हमसे कोई संबंध नहीं है। वसीम का मां, बहन या किसी घरवालों से कोई ताल्लुक नहीं है।
वसीम रिजवी के खिलाफ बड़े इमामबाड़े में जलसा तहफ़्फ़ुज-ए क़ुरान हुआ। जलसा में शिया रहनुमा मौलाना कल्बे जव्वाद ने अपनी बातों को रखते हुए वसीम रिजवी के याचिका को मजहब के खिलाफ करार दिया। जलसे में जुटे कई शिया और सुन्नी उलेमा व धर्मगुरुओं ने अपनी बातों को रखा। वसीम रिजवी के खिलाफ प्रदर्शन में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।
गौरतलब है कि शिया वक्फ बोर्ड के साबिक़ चेयरमैन वसीम रिजवी ने कोर्ट में याचिका दायर कर कुरान से 26 आयतों को हटाने की मांग की। जिसके बाद लखनऊ से लेकर देश के कोने-कोने में धर्मगुरुओं ने इसका विरोध किया है।
