लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ में बॉम्बे हाईकोर्ट की एक टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से लैक्मे कम्पनी की नकली सामग्री बेचने वाले होलसेलर का गोदाम सील किया। हाईकोर्ट के रिसीवर की तरफ से सील की कार्रवाई को पूर्ण कराया गया।
बॉम्बे हाईकोर्ट की टीम ने लखनऊ में तहरुख नामक होलसेलर के दो गोदामों को सील किया। इसमें पहली कार्रवाई थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में सलमान गार्डन स्थित गोदाम पर हुई। दूसरी कार्रवाई सआदतगंज थाना क्षेत्र में गुलाब नगर स्थित गोदाम पर की गयी। बॉम्बे हाईकोर्ट की टीम ने दोनों गोदामों को सील करते वक्त लैक्मे कम्पनी की भारी मात्रा में नकली सामग्रियों को बरामद किया।
बता दें कि लैक्मे कम्पनी के मानव संसाधन विभाग ने कम्पनी का नकली सामग्री बनाने वाले लखनऊ स्थित होलसेलर के विरुद्ध कम्पनी नियम को तोड़ने का आरोप लगाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में गुहार लगायी थी। इसके बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने मामले में एक रिसीवर तैनात करते हुए एक टीम लखनऊ भेजी और सील की कार्रवाई सम्पन्न करायी।
