Lucknow News :महिला उत्पीड़न को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, कई गिरफ्तार

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज संयुक्त रुप से प्रदेश में महिला उत्पीड़न को लेकर प्रदर्शन करने की कोशिश की। इस प्रदर्शन की कोशिश को रोकते हुए लखनऊ पुलिस के जवानों ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी से पहले हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन स्थलों पर प्रयास किया, जिस पर महिला सुरक्षा, किसानों का शोषण, बढ़ती महंगाई से जुड़े मुद्दे लिखे थे। वहीं कार्यकर्ताओं की तरफ से नारे लगाते हुए ”किसानों को धान का उचित दाम दो, दाम नहीं तो योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दो’ आगे बढ़ रहे थे। परिवर्तन चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन करने की योजना के अनुसार सुबह अलग-अलग टोलियों में पहुंचने का प्रयास किया गया। जब परिवर्तन चौराहे की तरफ आने वाले मार्गो पर लखनऊ पुलिस ने घेरेबंदी कर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ​गिरफ्तार कर लिया। 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गयी मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी ऊरुषा को भी हिरासत में लिया गया। उनके साथ महिला कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पहले ऊरुषा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्तमान हालात को लेकर जनता के लिए सड़क पर उतरने का फैसला किया। आज का प्रदर्शन इसी लिए था। पुलिस के बल पर कांग्रेस के प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया गया है। प्रदेश सरकार खुद के बनाये हालात से डरी हुई है। 

error: Content is protected !!