लखनऊ(हि.स.)। मंडलायुक्त रंजन कुमार ने सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस की बसों के संचालन की समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने शनिवार को ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की बोर्ड बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्ति की पुष्टि एवं अनुपालन आख्या की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने बस संचालन प्रतिफलों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि यात्रियों को मार्ग एवं समय सारणी की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए एवं बसों के संचालन की समयबद्धता पर विशेष ध्यान देते हुए समयबद्ध बस संचालन सुनिश्चित किया जाए। यात्रियों की उपलब्धता के अनुरूप बस संचालन के लिए मार्ग निर्धारित किए जाएं। चालक परिचालकों को यूनिफॉर्म निर्धारित करते हुए परिचय पत्र उपलब्ध कराए जाएं तथा यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने के लिए छोटी-छोटी कार्यशाला आयोजित कर उनको प्रशिक्षण दिलाया जाए।
इस दौरान कंपनी को लाभकारी बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी (नगर पूर्वी) की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया, जिसमें अपर नगर आयुक्त, मुख्य इंजीनियर एलडीए, मुख्य वित्त अधिकारी सिटी ट्रांसपोर्ट है। कमेटी 15 दिन में कंपनी की आय बढ़ाने, व्यय में कमी, जनशक्ति का निर्धारण, वार्षिक अनुरक्षण व्यवस्था, बसों में एलईडी स्क्रीन व अन्य प्रचार-प्रसार के माध्यम से रेवेन्यू कैसे जनरेट किया जाए उसके संबंध में समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराएगी।
