थल सेना प्रमुख जनरल नरवणे सेना के अफसरों से करेंगे सामरिक मुद्दों पर चर्चा
दीपक वरुण
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे गुरुवार की शाम लखनऊ पहुंच रहे हैं। अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आ रहे है। जनरल नरवणे लखनऊ बेस कैम्प आएंगे और फिर सीतापुर भी जायेंगे।
थल सेनाध्यक्ष अपने दौरे में छावनी स्थित सेना के मध्य कमान मुख्यालय में शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर सामरिक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। बाद में वे मीडिया को भी रुबरु होंगे। अगले दिन शुक्रवार को वे सीतापुर जायेंगे। वहां पर वे कारगिल युद्ध में शहीद परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडेय के पैतृक गांव पहुंचेंगे और उनके परिवारीजनों से मिलेंगे। साथ ही यहां पर वह सेना की ओर से बनाए गए मेमोरियल का लोकार्पण करेंगे।
