लखनऊ (हि.स.)। चिनहट थाना पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस को एक किलोग्राम अवैध स्मैक, एक किलो 400 ग्राम अवैध गाजा, तमंचा और एक कार बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि रविवार को फैजाबाद रोड पर राम स्वरुप स्कूल के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ तस्कर पंजाबी ढाबे के पास एक कार खड़ी है। कार के पास जो दो युवक खड़े हुए है उनके हाथ में बैग है, जिसमें मादक पदार्थ है। पुलिस मौके पर पहुंचे और घेराबंदी करके दोनों युवकों को धर दबोचा। पकड़े गए युवक की पहचान बाराबंकी निवासी आकाश मिश्रा और गोरखपुर अजय गुप्ता उर्फ प्रिंस के रुप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से पुलिस को भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एक किलोग्राम अवैध स्मैक मिली है, जिसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये हैं। पकड़े गए आकाश के खिलाफ छह से अधिक अपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।
