Thursday, April 2, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलLucknow news : केन्द्रीय मंत्री नकवी ने अवध शिल्पग्राम में की 24वें...

Lucknow news : केन्द्रीय मंत्री नकवी ने अवध शिल्पग्राम में की 24वें हुनर हॉट की शुरुआत

लखनऊ (हि.स.)। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज अवध शिल्पग्राम में 24वें हुनर हॉट कार्यक्रम की शुरुआत कर दी। शुक्रवार से शुरु हुए हुनर हॉट में देश-प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से अपने हुनर को लेकर प्रतिभागियों ने भाग लिया है। ये कार्यक्रम चार फरवरी तक चलेगा। 
केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हुनर हॉट की शुरुआत कराने के बाद एक-एक स्टाल पर जाकर वस्तुओं की जानकारी ली। स्टाल पर मौजूद रहें दुकानदारों से वस्तुएं के बारे में पूछा और सभी लोगों का लखनऊ में आयोजित 24वें हुनर हॉट में स्वागत किया। 
हुनर हॉट कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करना है, इसके लिए मुख्यमंत्री की ओर से 23 जनवरी की तारीख दी गयी है। हुनर हॉट में पांच सौ से ज्यादा प्रतिभागियों की भागीदारी हो रही है, अभी तक तीन सौ के करीब प्रतिभागी लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में अपना स्टाल सजा चुके हैं। 
अवध शिल्पग्राम में हुनर हॉट में लिए अद्भुत सुंदर स्वागत द्वार बना है। इसके भीतर पंजाब के कलाकारों को नृत्य करते हुए दर्शाया गया है। लकड़ी के कलपुरजों से बने स्टाल पर एक लकड़ी का स्टेचू बनाया गया है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रंग दिया गया है। ये स्टेचू लोगों को आकर्षित कर ​रहा है। 
हुनर हॉट में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये लोगों के स्टॉलों पर रंगारंग परिधान उपलब्ध है। इसमें लखनऊ के चिकनकारी की भी अहमियत दिखलायी पड़ रही है। चिकन के कपड़ों की सभी रेंज रखी गयी है। दो सौ रुपये से लेकर हजारों रुपये तक के चिकन के कपड़े स्टाल पर उपलब्ध है। गोरखपुर के टाराकोटा, वाराणसी की बनारसी साड़ी, बाराबंकी के अचारों व मुरब्बों सहित तमाम वस्तुएं हैं, जो आम लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगीं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular