लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शनिवार को जोन छह के अंतर्गत हजरतगंज में रजिया सल्तनत के तीन मंजिला कामर्शियल रानी प्लाजा का अवैध निर्माण ढहाया दिया। प्लाजा में बिना नक्शा पास कराये तीसरी मंजिल बना ली गयी और इसको स्वयं से गिराने के लिए प्राधिकरण की ओर से नोटिस दिया गया था।
एलडीए के जोन छह की संयुक्त सचिव रितु सुहास, कार्यकारी अभियंता कमलजीत, अवर अभियंता भरत पांडे, अवर अभियंता नित्यानंद चौबे और सहायक अभियंता एनएस शाक्य एवं हजरतगंज थाने की पुलिस बल ने सर्वप्रथम प्लाजा के बाहर से भीड़ व वाहनों को हटवाया। इसके बाद मजदूरों को लगाकर तिसरे मंजिल का निर्माण ढहाना शुरु किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
उक्त कार्रवाई में एलडीए की टीम को रजिया सल्तनत के लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा। प्लाजा में नीचे की ओर बनी दुकानों के दुकानदार इस दौरान अपनी दुकानें बंद कर बाहर निकल गये। मौके पर एकत्रित मलबे को हटाने के लिए प्लाजा की मालकिन रजिया को एलडीए की ओर से निर्देशित कर दिया गया है।
