लखनऊ (हि.स.)। हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ने विदेशी कंपनी से 42 लाख रुपये की ठगी की है, जिसके खिलाफ कंपनी के सीईओ ने मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि फतेहपुर जनपद के ग्राम मानेपुर निवासी अभय सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अमेरिकन डिवाइसेज कंपनी के सीईओ स्टीव चैनानी ने पांच नवम्बर 2020 को थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि अभियुक्त ने एन-95 मास्क सप्लाई करने के नाम पर 42 लाख रुपये ठगी की है। जब उसे पता चला कि कंपनी ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है तो वह पुलिस से बचने के लिए घर से फरार चल रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
