Sunday, February 8, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाकेशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर बोला करारा हमला!

केशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर बोला करारा हमला!

बोले- ओबीसी नेता बर्दाश्त नहीं, मैं हूँ अखिलेश के डर का कारण

केशव मौर्य मनकापुर में बोले- अखिलेश यादव अहंकारी और बेहद निम्न स्तर के

संवाददाता

गोंडा। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने शनिवार को गोंडा के मनकापुर में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। केशव मौर्य ने कहा कि वह गरीब किसान परिवार में जन्मे हैं और कार्यकर्ता से लेकर डिप्टी सीएम बनने तक का सफर तय किया है। यही वजह है कि अखिलेश यादव को उनसे डर लगता है क्योंकि वह ओबीसी वर्ग के किसी भी मजबूत नेता को बर्दाश्त नहीं कर सकते। केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव अहंकारी हैं और उनकी भाषा का स्तर बेहद निम्न है। जब कभी इतिहास लिखा जाएगा तो यह रवैया जरूर सामने आएगा।

विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता पूर्व सांसद कुंवर आनंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को मनकापुर पहुंचे केशव मौर्य ने गोंडा में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में छांगुर बाबा प्रकरण पर भी खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने माना कि शुरुआती जांच में पुलिस से लापरवाही हुई है, लेकिन देर आए दुरुस्त आए। अब इतनी सख्त कार्रवाई हो रही है कि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में इस पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि जिसने अपराध किया है वह बचेगा नहीं। ऐसे और भी कई मामले हो सकते हैं जिनकी जांच की जा रही है। सरकार गलत के खिलाफ और सही के साथ खड़ी है।

केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को फर्जी पीडीए यानी परिवार डेवलपमेंट एजेंसी का अध्यक्ष बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा पूरी तरह गुंडों और माफियाओं की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2017 में सपा केवल 47 सीटों पर सिमट गई थी और इस बार तो वह आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। केशव मौर्य ने कहा कि 2027 में भाजपा 2017 जैसा प्रचंड बहुमत दोहराएगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने आगे कहा कि 2047 तक सपा, बसपा और कांग्रेस के लिए सत्ता के दरवाजे बंद हो चुके हैं।

यह भी पढें: कुंवर आनंद सिंह को डिप्टी सीएम ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

कांवड़ यात्रा को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित हो रही है। आने वाले वर्षों में यह परंपरा और मजबूत होगी। 2047 तक ऐसा वातावरण तैयार होगा कि हर धार्मिक यात्रा पूरी सुरक्षा, सम्मान और सौहार्द के साथ सम्पन्न होगी।

राहुल गांधी पर भी केशव मौर्य ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सत्ता वियोग के शिकार हैं और उन्हें बिना तथ्यों के बयानबाजी करने की आदत है। कांग्रेस अब 99 सीटों पर आकर अटक गई है और अब उन्हें 2047 तक शतक लगाने के लिए तरसना पड़ेगा। वहीं, नंद गोपाल नंदी द्वारा एक अधिकारी के खिलाफ मुख्यमंत्री को भेजे पत्र पर केशव मौर्य ने कहा कि जो अधिकारी गलत करेगा, उस पर कार्रवाई तय है। मंत्री की शिकायत की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। जो अधिकारी मंत्रियों की नहीं सुनेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

डिप्टी सीएम ने तरबगंज से भाजपा विधायक प्रेम नारायण पांडेय द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लिपिक अनुपम पांडेय पर लगाए गए आरोपों की जांच स्थानीय स्तर पर होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई 23 जुलाई को होनी है।

सरकार का स्पष्ट संदेश है कि गलत काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। योगी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा। केशव मौर्य ने साफ शब्दों में कहा कि समाज, पुलिस, प्रशासन और पत्रकार सभी को एक साथ आकर काम करना होगा। सरकार पूरी तरह से जनता के साथ है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढें: पूर्व सांसद आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया का निधन

पोर्टल की सभी खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सऐप चैनल को फालो करें : https://whatsapp.com/channel/0029Va6DQ9f9WtC8VXkoHh3h अथवा यहां क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से .. तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular