Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशKanpur News : हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग देख घबराये ग्रामीण, जानकारी पर...

Kanpur News : हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग देख घबराये ग्रामीण, जानकारी पर ली राहत की सांस

नमामि गंगे के तहत गंगा के किनारे का किया जा रहा है हवाई सर्वेक्षण

कानपुर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को अचानक आसमान से एक हेलीकॉप्टर नीचे उतरता दिखा। नीचे उतर रहे हेलीकॉप्टर को देख ग्रामीण घबरा गये और अनहोनी की आशंका हुई। हेलीकॉप्टर जब नीचे उतर गया तो ग्रामीण भागे और देखते ही देखते चर्चा पूरे इलाके में हो गयी। हालांकि जब ग्रामीण हेलीकॉप्टर के नजदीक पहुंचे और यथास्थित की जानकारी हुई तो राहत की सांस ली। बताया गया कि यह हेलीकॉप्टर नमामि गंगा का है और गंगा का हवाई सर्वेक्षण कर रहा है। यहां पर लैंडिंग की पहले से ही अनुमति थी।
महाराजपुर के सरसौल स्थित एक इंजीनियरिंग काॅलेज के पास शनिवार को एक हेलीकाॅप्टर लैंड कर रहा था। इस बीच तेज आवाज और हेलीकाॅप्टर को नीचे आते देखकर आसपास के ग्रामीण घबरा गए। ग्रामीणों में किसी अनहोनी की आशंका हुई। कुछ ने हेलीकाॅप्टर को गिरता हुआ समझा तो कुछ ने तकनीकी खराबी के चलते उतरने की बात कही। दर्जनों की संख्या में ग्रामीण दौड़ लगाते हुए मौके पर पहुंच गए। बाद में सामने आया कि हेलीकाॅप्टर की अस्थाई हेलीपैड पर लैंडिंग कराई गई है। नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा के किनारे का हवाई सर्वेक्षण किया जाना है। यह सर्वे गंगा नदी से तीन किमी तक दोनों तरफ के दायरे को समेटेगा।
नर्वल एसडीएम अमित ओमर ने बताया कि गंगा-यमुना दोआब परियोजना में कौशांबी-कानपुर चैनल के लिए है। भौतिक सर्वेक्षण के लिए इंजीनिरिंग कालेज में 26 मार्च से 15 अप्रैल तक हेलीकाॅप्टर की लैंडिंग व रात की पार्किंग की जाएगी। यह सर्वेक्षण प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, कन्नौज व फर्रुखाबाद में भी होना है, जो आठ दिनों तक चलना है। इसके तहत ट्रायल में शनिवार को हेलीकाॅप्टर को कालेज के पास उतारा गया। कालेज के पास पूर्व निर्धारित अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है, जिसकी अनुमति जिला प्रशासन से ली गई है। पंद्रह मिनट रुकने के बाद हेलीकाॅप्टर उड़ान भरकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular