मैं ब्राह्मण हूं पुलिस करे मेरा चालान
कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दे दिया है। जिसका विरोध भी किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अभिभावक संघ के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने अनोखे ढंग से विरोध जताया। उन्होंने साइकिल पर तख्ती लगा रखी थी जिसमें लिखा था कि मैं ब्राह्मण हूं मेरा चालान करो।
पीएमओ की रिपोर्ट दिए जाने के बाद यूपी सरकार का एक बड़ा फैसला आया है, जिसके तहत अब दुपहिया और चार पहिया वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बीते कई समय से देखा गया है कि लोग अपनी गाड़ियों में जाति सूचक शब्द जैसे गुप्ता, शर्मा, वर्मा, खान, पठान, ठाकुर वैश्य जैसे शब्दों का उल्लेख करते हैं। अब ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं कानपुर जिले में सोमवार के दिन जिले का पहला चालान बड़ा चौराहा में काटा गया। जिसके विरोध में आज अखिल भारतीय अभिभावक संघ के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने अनोखे तरीके से सरकार के इस फैसले का विरोध किया। उन्होंने बड़ा चौराहा में साइकिल से घूम—घूम कर मैं ब्राह्मण हूं मेरा चालान करो के नारे के साथ विरोध जाहिर किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे राकेश मिश्रा ने आने जाने वाले पुलिसकर्मियों को रोक—रोक कर उनका चालान करने की जिद पर अड़े हुए थे। तो वहीं कोतवाली पुलिस द्वारा दलील देते हुए कहा कि यह नियम मोटर व्हीकल एक्ट के तहत हैं। न कि साइकिल सवारों के लिए है इसके बाद उसे समझा-बुझाकर वापस कर दिया गया।
