– गिरफ्तार अभियुक्तों में एक मोबाइल दुकानदार भी शामिल, पुलिस ने 30 चोरी के मोबाइल किए बरामद
कानपुर (हि.स.)। अगर आप मोबाइल रिपेयरिंग के लिए देते हैं तो सावधान हो जाईये। कानपुर की कर्नलगंज थाना पुलिस ने एक ऐसे ही मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो आपकी सीक्रेट कोड (आईएमईआई) नम्बर को चुराकर चोरी के मोबाइल में लगाकर बेच देते थे। इस गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में शामिल संचालक अपनी ही दुकान से चोरी की मोबाइलों की आईएमईआई नम्बर बदलकर बेचते पकड़ा गया है। अभियुक्तों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट सहित 30 मोबाइल बरामद हुए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक कर्नलगंज दिनेश कुमार शुक्ला ने गुरुवार को मोबाइल चोर गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चोरी के मोबाइलों को बड़े ही शातिराना ढंग से अंतर्राष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान संख्या (आईएमईआई) नम्बर से बदलकर अच्छे दामों में बाजार में बेचने की शिकायतें मिल रही थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी कर्नलगंज देवेन्द्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगाई गई। जानकारी मिली कि इलाके में स्थित एक मार्केट में मोबाइल दुकान से चोरी के मोबाइलों को बेचा जा रहा है।
इस सूचना के आधार पर थाना पुलिस के साथ सर्विलांस टीम की मद्द से पुलिस को पुख्ता सबूत मिले। साक्ष्य हाथ लगते ही पुलिस की टीम ने दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए युवक शातिर चोर निकले और उनकी निशानदेही पर दो दर्जन से अधिक चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए गए। पूछताछ के आधार पर पता चला कि चोरी के मोबाइलों रहमानी मार्केट में मो. फैजान की दुकान से बेचा जाता है।
खास बात यह कि चोरी के मोबाइल पकड़े न जा सके इसके लिए यह लोग रिपेयरिंग के लिए आने वाले मोबाइलों की आईएमईआई नम्बर को चुराकर सेव कर लेते थे और फिर विशेष साफ्टवेयर यूएमटी पीआरओ नाम के एप के जरिए चोरी के मोबाइलों की आईएमईआई नम्बर बदल देते थे। जिसके बाद उन चोरी के मोबाइलों को पकड़ा मुश्किल हो जाता था। गिरोह में शामिल गिरोह का संचालक दुकानदार मो. फैजान, सिविल लाइन निवासी हशमत अली, एफएम कालोनी निवासी संतोष सैनी व जवाहर नगर का रहने वाला अमर बाथम को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से 30 चोरी के मोबाइल सहित, दो टैबलेट, लैपटॉप और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
सीओ ने बताया कि गिरोह से मिले इनपुट के आधार पर बाजार में बेचे गए चोरी के मोबाइलों व अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजकर कार्रवाई की जा रही है।
Submitted By: Edited By: Mohit Verma
