अनुशासनहीनता के आरोप में बीते दिनों प्राचार्य ने चार छात्रों को किया था सस्पेंड
वीडियो वायरल होने पर लोग नैतिकता के आधार पर प्राचार्य का मांग रहे हैं इस्तीफा
कानपुर (हि.स.)। मेडिकल कालेज में रैगिंग और अनुशासनहीनता की खबरें अक्सर आती रहती हैं और कार्रवाई भी की जाती हैं। इसी क्रम में बीते दिनों मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आरबी कमल ने चार छात्रों को अनुशासनहीनता के आरोप में कालेज से बाहर कर दिया। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसमें प्राचार्य की अनुशासनहीनता दिख रही है। वायरल वीडियो को लेकर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं कि नैतिकता के आधार पर प्राचार्य को इस्तीफा दे देना चाहिये।
गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है, कि मेडिकल कॉलेज कैम्पस में प्राचार्य के सामने वाहन का ट्रायल किया जा रहा है। ड्राइवर प्राचार्य के सामने ही गाड़ी को सीढ़ियों पर चढ़ा रहा है और प्राचार्य उसे रोकने के बजाय तमाशबीन बनकर तमाशा देख नजर आ रहे है। वैसे इस वीडियो के सामने आने के बाद इसे प्राचार्य की अनुशासनहीनता बताया जा रहा है, क्योंकि अभी कुछ दिन पहले ही कॉलेज के चार छात्रों को अनुशासनहीनता के चलते प्रिंसिपल ने इन्हें सस्पेंड कर दिया था। जिसके बाद लोग नैतिकता के तौर पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
हालांकि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आरबी कमल से जब वीडियो पर सवाल किया गया तो उन्होंने वीडियो की टाइमिंग पर सवाल उठाया है। उनके मुताबिक ये वीडियो काफी पुराना है और अधूरा है। उनका कहना है कि इस गाड़ी की खासियत को लेकर उस गाड़ी के मालिक से एक पुलिस अधिकारी की बातचीत चल रही थी, तभी अचानक वो गाड़ी सीढ़ियों पर चढ़ाकर खासियत बताने लगा। लेकिन मैंने उसे ऐसा करने को मना किया। प्राचार्य आरबी कमल के मुताबिक वीडियो में इस हिस्से को हटा दिया गया है और ये कॉलेज के कुछ लोगों की उन्हें फंसाने की साजिश है। उन्होंने छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के अपने निर्णय को सही ठहराया है।
Kanpur News : मेडिकल कालेज के प्राचार्य पर लगा अनुशासनहीनता का आरोप, वीडियो वायरल
RELATED ARTICLES
