उत्तर और दक्षिण के अध्यक्षों ने ग्रहण किया पदभार, संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर
कानपुर (हि.स.)। भाजपा का लगातार बढ़ रहे ग्राफ से कांग्रेस बराबर चिंतित है और संगठन को मजबूती पर जोर दे रही है। इसी के चलते कानपुर नगर कमेटी में पहली बार तीन अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। रविवार को पदभार ग्रहण के दौरान पदाधिकारियों ने भाजपा के किला को भेद कर तिरंगा लहराने का दावा किया।
केन्द्र और प्रदेश की राजनीति में जमीन की तलाश में जुटी कांग्रेस ने जमीन से जुड़े नेता अजय कुमार लल्लू को प्रदेश की बागडोर सौंप दी। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने संगठन की मजबूती के लिए कानपुर नगर जनपद की ईकाई को तीन भागों में विभाजित कर दिया। पहली बार उत्तर और दक्षिण के अलग—अलग अध्यक्ष बनाये गये हैं। दोनों अध्यक्षों ने रविवार को पार्टी कार्यालय तिलक हाल में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पदभार ग्रहण किया। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष ऊषा रानी कोरी का पहले ही पदभार ग्रहण समारोह हो चुका है। इस दौरान कांग्रेसियों ने संगठन को आगे बढ़ाने का जोरदारी से दम भरा।
दरअसल पिछले काफी लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस में अध्यक्ष की घोषणा हुई थी। कांग्रेस ने पहली बार कानपुर नगर जनपद की इकाई को तीन भागों में बांटा है। कानपुर उत्तर से जहां नौशाद आलम मंसूरी अध्यक्ष हुएं वहीं कानपुर दक्षिण में डॉक्टर शैलेंद्र दीक्षित को अध्यक्ष की कमान सौंपी गयी है। रविवार को दोनों अध्यक्षों का पदभार ग्रहण समारोह हुआ तो कांग्रेसी दिग्गजों ने शिरकत की। इस दौरान कहा गया कि उत्तर और दक्षिण दोनों को सामंजस मिला करके पार्टी को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
नौशाद आलम ने वार्ड अध्यक्षों से लेकर जमीनी कार्यकर्ताओं के महत्व को बढ़ने का दावा किया तो दक्षिण अध्यक्ष डॉक्टर शैलेंद्र दीक्षित ने कहा कि भाजपा के किले को भेद कर तिरंगा लहरायेंगे। पूर्व महानगर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि जनपद में पार्टी का संगठन मजबूत होगा और हर विधानसभा सीट पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ा जायेगा।
Submitted By: Edited By: Mohit Verma
