कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद के रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के अंतर्गत एक छोटे से गांव इटैली में जन्मे विकास शर्मा ने बचपन से ही संघर्ष किया और चौथे स्तम्भ के लिए पत्रकार व एंकर के रुप में बेहतर मुकाम तक पहुंचे। समाचार प्लस में एक बेहतरीन रिपोर्टर के तौर पर कार्य किया और वर्तमान में रिपब्लिक भारत न्यूज चैनल में ‘भारत की बात है’ की रिपोर्टिंग एंकर के रूप में करते थे और बहुत ही बेबाकी व तथ्यों के साथ अपनी बात रखते थे। उनके अचानक बीमारी के चलते उनका आज निधन हो गया। यह पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति है।
विकास शर्मा वह शख्सियत थी जिसने कभी भी किसी भी पत्रकार में छोटा या बड़ा नहीं देखा। अपने से जूनियर रिपोर्टर को हमेशा कुछ न कुछ सिखाते जरूर थे। किसी भी प्रकार का खुद में अहम नहीं था कि वह एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार है। बहुत ही मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। मुंबई से जब कभी भी अकबरपुर आते थे तो प्रत्येक रिपोर्टर से बहुत ही मुस्कुराकर बात करते थे और उनके साथ समय व्यतीत करते थे। ऐसा कमोबेश देखने को मिलता है।
कुछ भी हो विकास जैसा होना बहुत ही मुश्किल है। भले ही विकास आज इस दुनिया में न रहे हो लेकिन वह हमेशा लोगों के दिलों में राज करेंगे। शुक्रवार को उनका का दिवंगत शव उनके गृह जनपद पहुंचा, जहां उनके अंतिम दर्शन को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों व समाजसेवियों के साथ नेताओं द्वारा परिजनों को ढांढस बंधाया गया। उनके अंतिम यात्रा में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान उपस्थित लोग यही कहते रहे कि ‘मुसकुराकर यूं हंसी छीन ले गए विकास, आप हमेशा याद आओगे।’
पत्रकारों ने की शोक सभामीडिया जगत में कानपुर देहात जनपद का नाम करने वाले रिपब्लिक भारत के एंकर विकास शर्मा का नोएडा के कैलाश अस्पताल में आकस्मिक निधन होने से जनपद में शोक की लहर फैल गई। शुक्रवार को जनपद के मीडिया क्लब द्वारा ईको पार्क में शोक सभा का आयोजन किया गया। दिवंगत पत्रकार की आत्मा की शांति के लिए शोक सभा में भारी संख्या में पत्रकार, अधिवक्ताओं व समाजसेवी पहुंचे। सभी ने दो मिनट का मौन रखा और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
यहां पर एडवोकेट जितेंद्र सिंह चौहान अध्यक्ष जिला बार संघ व रमेश चंद सिंह गौर वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला बार, मुलायम सिंह यादव पूर्व महामंत्री जिला बार संघ, सुभाष यादव एडवोकेट व जनपद मीडिया क्लब कानपुर देहात के अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता महामंत्री जितेंद्र यादव व सदस्य विशाल मिश्रा, विवेक त्रिवेदी, बलराम चतुर्वेदी, यासीन अली, मोहित कश्यप, आशीष कुमार, गौरव शुक्ला, अवनीश अवस्थी, विशाल यादव, हरिगोविंद कुशवाहा, शोभित मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, सुमित गुप्ता,देवेश सिंह, बिपिन कोहली, अंजनी पाण्डेय, सलीम सिद्दीकी, संजय कुमार, अकील अहमद, अशोक चौहान, अभिषेक पाण्डेय, मोहित बाथम आदि पत्रकार शामिल रहें।
