दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
कानपुर (हि.स.)। गोविन्द नगर थाना क्षेत्र के एक टेंट हाउस गोदाम में शुक्रवार को आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और गोदाम में रखे कपड़ों ने आग में घी का काम किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था।
रतनलाल नगर निवासी कश्मीरी लाल कपूर रक्षा संस्थान से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। इनका बेटा संजय कपूर गोविन्द नगर में गेस्ट हाउस का संचालन करता है। इसके साथ ही आर्दश टेंट हाउस भी उनका है। संजय ने घर के ठीक पीछे दूसरे मकान में टेंट हाउस का गोदाम बना रखा है। शुक्रवार को अचानक टेंट गोदाम में अचानक आग लग गयी और देखते ही देखते आग की लपटें पूरे गोदाम में फैल गईं। ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी मंजिल में रखा सामान तेजी से जलने लगा। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के इलाके में दहशत का आलम बन गया। पड़ोस में बहुमंजिला इमारत में रहने वाले लोग बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। पड़ोसी महिला ने टेंट हाउस मालिक को सूचना दी। टेंट मालिक ने फौरन पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने पांच अग्निशमन गाड़ियों के जरिये करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फजलगंज फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी कैलाश चंद्र ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि गोदाम में कर्मचारी दीपक जलाकर रखने के बाद टेंट हाउस ऑफिस चला गया था। दीपक की लौ से टेंट के कपड़ों ने आग पकड़ ली। फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि आग बुझने के बाद ही नुकसान का आंकलन हो सकेगा। हालांकि टेंट हाउस मालिक ने बताया कि लाखों रुपयों का नुकसान हो गया है।
