आठ लोगों की पहचान भी नहीं कर सका स्वास्थ्य विभाग, एयरपोर्ट से जुटाई जा रही जानकारी
कानपुर (हि.स.)। ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया रूप मिलने के बाद से दुनिया भर में खलबली मची हुई है। उत्तर प्रदेश में भी सरकार नए वायरस से निपटने की तैयारियों में जुटी है। वहीं कानपुर में भी प्रशासन ने ऐसे लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है जो हाल ही में ब्रिटेन से लौटे हैं। 15 दिनों में ब्रिटेन से आए लोगाें की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।
कानपुर में ब्रिटेन से लौटे 129 की सूची जारी की गयी है। पुलिस इनकी तस्दीक करने में जुटी है। जिनमें सबसे अधिक 19 लोग चकेरी थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं। थानेदारों को ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन पर नजर रखने को कहा गया है जो ब्रिटेन से लौटे हैं।
इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी सीसामऊ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि जनपद में बीते कुछ दिनों में विदेश से लौटकर आ रहे लोगों की सूची बनाई जा रही है। सभी लौटे लोगों के बारे में स्वास्थ्य विभाग के साथ पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि इन सभी की समुचित जांच हो।
नहीं मिल रहे हैं स्वदेश लौटे आठ लोग
स्वदेश लौटकर ब्रिटेन से आए कई लोगों के बारे में स्वास्थ्य विभाग ने सूची बनाई थी, ताकि उनकी जांच की जा सके। लेकिन हैरानी की बात यह है कि अभी तक ब्रिटेन से लौटे 8 लोगों की पहचान नहीं हो पायी है। जिन्हें खोजने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। जनपद लौटे ब्रिटेन के लोगों की थाना स्तर पर सूची बनाकर खोजबीन की जा रही है।
