Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशKanpur News : केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार में आसमान छू...

Kanpur News : केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार में आसमान छू रही है महंगाई : सपा

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सरकार के खिलाफ आंदोलन का किया गया एलान

कानपुर (हि.स.)। पेट्रोलियम पदार्थों में हो रही लगातार बढ़ोत्तरी का असर महंगाई पर भी पड़ रहा है। इससे जहां आम जनता परेशान है तो वहीं विपक्षियों को सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। इसी कड़ी में रविवार को सपा कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मांग की गयी कि आसमान छू रही महंगाई को केन्द्र और प्रदेश सरकार रोकने का प्रयास करे। इसके साथ ही यह भी चेतावनी दी गयी कि महंगाई में नियंत्रण न होने पर हर विधानसभा क्षेत्र में आंदोलन किया जाएगा। 
केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार में बेतहाशा महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष डा. इमरान के नेतृत्व में सपाइयों ने छावनी विधानसभा क्षेत्र के बाकरगंज चौराहे पर अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल डीजल रसोई गैस सिलेंडर के दामों में भारी मूल्य वृद्धि से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। डीजल के दामों में मूल्य वृद्धि से ट्रकों का भाड़ा लगभग 10 फीसदी तक बढ़ गया है। इसका असर सीधे मध्यम वर्गीय परिवार व गरीब जनता की जेबों पर पड़ रहा है। रोजमर्रा की जीवन उपयोगी वस्तुओं के मूल्यों में लगातार मूल्य वृद्धि होने से जनता महंगाई की आग में झुलस रही है। प्रधानमंत्री मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश व देश में भाजपा की सरकार बनाने पर महंगाई कम करने व भ्रष्टाचार समाप्त करने का जनता से वादा किया था। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही भाजपा  जनता से किए गए वादों से मुकर गई है। इस दौरान पार्षद अभिषेक गुप्ता मोनू, अमित मल्होत्रा बबलू, बंटी यादव, दीपक खोटे, अर्पित त्रिवेदी, जमालुद्दीन जुनैदी, मधु यादव, सुभाष द्विवेदी, अजय यादव अज्जु, नरेंद्र सिंह पिंटू ठाकुर, अरशद आदि मौजूद रहें। उज्जवला के खाली पड़े हैं गैस सिलिंडर
नगर अध्यक्ष ने बताया कि आज महंगाई चरम सीमा पर है रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से महिलाओं का घर का बजट बिगड़ गया है। प्रधानमंत्री ने देश की जनता से गरीबी मिटा कर जनता को खुशहाल करने का वादा किया था। मोदी जी देश से गरीबी तो नहीं मिटा पाए पर गरीबों को जरुर मिटाने का पूरा प्रबंध कर दिया है। उज्जवला योजना के तहत दिए गए सिलेंडर भी खाली हो चुके हैं। गैस सिलेंडर में भारी मूल्य वृद्धि से गरीब जनता गैस सिलेंडर भरवाने में असमर्थ हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular