होली के त्योहार में फाग चौपाल के जरिये पंचायत चुनाव में मतदाताओं को लुभाएगी कांग्रेस
कानपुर (हि.स.)। नये कृषि कानूनों को लेकर इन दिनों किसान आंदोलनरत है और उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में आम जनमानस के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए कांग्रेस होली का त्योहार नजदीक आते ही फाग चौपाल की शुरुआत कर दी है। इससे जहां सांस्कृतिक पर्व होने से लोग एकत्र होंगे तो वहीं पंचायत चुनाव में कांग्रेस मतदाताओं को लुभाने में भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ने वाली है। इसके साथ ही यह भी संदेश किसानों तक पहुंचाना है कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी हुई है।
होली का त्योहार नजदीक आते ही जहां लोग रंगो के इस त्योहार में सरोबोर होने की तैयारी कर रहे हैं तो वहीं उत्तर प्रदेश में अपना वजूद तलाश रही कांग्रेस त्योहार के सहारे जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने में जुट गयी है। इसी क्रम में बुधवार को कानपुर में कांग्रेसियों द्वारा किसानों तक पहुंचने के लिए एक अनोखे अंदाज में फाग चौपाल का आयोजन किया गया। यह चौपाल प्रदेश के सभी जनपदों में गांव-गांव में जाकर हो रही है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में सत्य नारायण अवस्थी के चबूतरे पर फाग चौपाल का आयोजन किया गया। आयोजन में गांव के कई लोग मौजूद हुए और उन्होंने ढोलक मंजीरा लेकर होली के फाग गाये गये। कांग्रेस के नेताओं ने चौपाल में भाजपा सरकार की खामियों को फाग गीतों के जरिये लोगों को सुनाया गया। विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संगठन समन्वयक राजीव द्विवेदी ने बताया कि कांग्रेस ने 60 सालों तक देश में सौहार्दपूर्ण वातावरण तैयार करते हुए देश का विकास किया, लेकिन अब साम्प्रदायिक ताकतें देश के लोकतंत्र को ही नष्ट करने में तुला हैं। फाग चौपाल के जरिये जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों व भाजपा सरकार की खामियों को प्रचारित किया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस की भारी जीत होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की सरकार उत्तर प्रदेश में बनने जा रही है। इस दौरान नरेंद्र चंचल, तुफैल अहमद खान, अजय तिवारी, रामनरेश कुशवाहा, वीरेंद्र कटियार,नरेंद्र शुक्ला, भागीरथ कटियार, कैलाश कनौजिया आदि मौजूद रहें।
