किसानों के आंदोलन के समर्थन में कांग्रेसियों ने निकाला संदेश यात्रा
कानपुर (हि.स.)। भाजपा सरकार नये कृषि कानून लाकर उद्योगपतियों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। इसी के चलते किसान आंदोलनरत है और दिल्ली सीमा पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं, लेकिन सरकार आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। यह बातें गुरुवार को संदेश यात्रा निकाल कर कांग्रेसियों ने एक सुर में कही।
कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पार्टी की स्थापना दिवस पर आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में खेत खलियान और किसान बचाओ अभियान के अंतर्गत कांग्रेस संदेश पदयात्रा निकाली गयी। कांग्रेसियों ने आम जनमानस से अपील कर किसानो के आंदोलन का समर्थन करने का आह्वान किया। यह संदेश यात्रा मेस्टन रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल से उठकर शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस मुख्यालय पर आकर समाप्त हुई। हाथों में झंडा लिए कांग्रेसी देशभक्ति के गीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। तो वहीं नगर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर खेत बचाओ खलियान बचाओ के नारे के साथ इस संदेश यात्रा का आयोजन किया गया है। वर्तमान सरकार किसानों की आवाज नहीं सुन रही है। आज इस यात्रा के माध्यम से हम समाज को जागरूक करने का काम कर रहे हैं। वहीं कोरोना गाइड लाइन के सवाल पर सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा कि, ये सारे नियम केवल विपक्ष के लिए ही हैं, क्योंकि वर्तमान सरकार से जुड़े लोग भी कहीं जाते हैं तो कहीं पर भी इन गाइडलाइंस का पालन करते हुए नहीं दिखाई देते हैं। इस दौरान पूर्व विधायक संजीव दरियावादी, अब्दुल मन्नान, मदन मोहन शुक्ला, पार्षद नूर आलम, हाजी अफजाल चौधरी, त्रिलोकी त्रिवेदी, सन्तोष पाठक, अब्दुल खालिक, निजामुद्दीन खां, इकबाल अहमद, अशोक धानविक, कमल शुक्ला बेबी आदि मौजूद रहें।
