हवाओं की बढ़ी रफ्तार से गिरेगा तापमान, तिलहनी फसलों का होगा नुकसान
कानपुर (हि.स.)। हवाओं की दिशाएं बदलने से बर्फीली हवाएं कमजोर होने लगी और लोगों को सर्दी से काफी राहत मिली। इसके साथ ही आसमान में बादल छाये रहने से तापमान भी बढ़ गया, लेकिन सोमवार को दूसरे पहर हल्की बारिश हो गयी, जिससे एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। आगामी दिनों में तापमान गिरने के साथ सर्द भरी हवाएं तेज हो जाएंगी, जिससे एक बार फिर लोगों को शीतलहर से सामना करना पड़ेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन पाण्डेय ने बताया कि पहले उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही थी और अब हवाओं की दिशाएं उत्तरी पूर्वी हो गयी हैं। इसके साथ ही मैदानी क्षेत्रों में चक्रवात भी सक्रिय है, जिससे कानपुर परिक्षेत्र हल्की बारिश हुई है। आगामी तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा और इसके बाद हवाओं की दिशाएं उत्तरी पश्चिमी होने की संभावना है, जिससे गलन भरी सर्दी पड़ना शुरु हो जाएगी। हालांकि हल्की बारिश से भी पिछले दो दिनों के अपेक्षा सर्दी बढ़ रही है। बताया कि तराई के क्षेत्रों में कोहरा भी बढ़ेगा और वाहन सवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही मौसम के बदले मिजाज से आलू, मूंगफली सहित तिलहनी फसलों में रोग लगने की अधिक संभावना है, जिससे फसल उत्पादन पर प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में किसान भाई दवा का छिड़काव करते रहें और खेतों में नमी बरकरार रखें।
