– शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के बनाये गये 19 वैक्सीनेशन सेंटर, 32 बूथों पर लगेगा टीका
कानपुर (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना से निजात दिलाने के लिए कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत जनपद में 16 जनवरी को शुरु हुआ था। इसके बाद शुक्रवार को दोबारा जनपद में आलाधिकारियों की मौजूदगी में वैक्सीनेशन 19 सेंटरों में शुरु हुआ। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों 32 बूथ बनाये गये हैं जहां पर स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाना है। आईआईटी में बने वैक्सीनेशन सेंटर में डा. अनिरुद्ध निगम को पहला कोरोना टीका लगाया गया।
पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन पिछले सप्ताह मुंबई से कानपुर पहुंची थी। पहली खेप में 16 जनवरी को टीकाकरण हुआ था, इसके बाद 20 जनवरी को फिर मुंबई से कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप कानपुर पहुंची। वैक्सीन की दूसरी खेप आने के बाद शुक्रवार को जनपद के 19 वैसीनेशन सेंटरों पर टीकाकरण अभियान शुरु हुआ। सबसे पहले आईआईटी स्थित मेडिकल सेंटर पर वैक्सीन पहुंची और वहां हेल्थ सेंटर के चिकित्सकों ने बुके देकर स्वागत किया। सीएमओ और डीएम के पहुंचने के बाद उनकी निगरानी में वैक्सीनेशन प्रारंभ हुआ। जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने बताया कि आज जनपद में वैक्सीनेशन का अभियान चलाया गया है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आईआईटी में मेडिकल अधिकारी डा. अनिरुद्ध निगम को वैक्सीनेशन का पहला टीका लगाया गया। आज यहां पर 92 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड वैक्सीनेशन का टीकाकरण किया जायेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि जनपद में कोरोना वैक्सीनेशन (टीकाकरण) की दोबारा शुरुआत की गयी है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के 19 वैक्सीनेशन सेंटर के 32 बूथ (सेशन साइट) पर वैक्सीनेशन होना तय हुआ है। सर्वाधिक सात बूथ जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सेंटर में बनाए गए हैं। 11 सेंटर में एक-एक बूथ बनाए गए हैं। सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में दो-दो बूथ बनाए गए हैं।
Submitted By: Edited By: Mohit Verma
