Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशKanpur News : आभूषण दुकानदार को भाई संग बंधक बनाकर लुटेरों ने...

Kanpur News : आभूषण दुकानदार को भाई संग बंधक बनाकर लुटेरों ने की लूट

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस

कानपुर (हि.स.)। फीलखाना थाना पुलिस आभूषण कारखाने में बीते दिनों हुई चोरी का अभी खुलासा करने में ही जुटी थी कि थाना से चंद कदम की दूरी पर लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दे डाले। इस बार भी आभूषण दुकानदार निशाने पर रहा और करीब नौ लुटेरों ने आभूषण दुकानदार को भाई संग बंधक बना लिया और करीब 70 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गये। हालांकि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी और पीड़ित की तहरीर पर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गयी। 
फीलखाना थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने एक सर्राफा कारीगर की दुकान में घुसकर उसे और उसके भाई को बंधक बनाकर लगभग 70 ग्राम सोना लूट लिया। लुटरे इतने शातिर और बेखौफ थे कि थाने से मात्र चंद कदम की दूरी पर भीड़भाड़ वाले इलाके में घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। लुटेरों ने लूटपाट के दौरान सर्राफा कारीगर को कट्टे की बट मारकर घायल कर दिया तो वहीं उसके भाई को चापड़ के बल पर बंधक बना लिया। 
पीड़ित सर्राफा कारीगर मोनू वर्मा ने बताया कि उसने इसी वर्ष जनवरी के महीने में यह दुकान खोली थी। देर रात वह अपने भाई सौरभ वर्मा के साथ दुकान में ही काम कर रहा था, तभी कुछ लोग दुकान का दरवाजा खोलने के लिए कहने लगे। जैसे ही उसके भाई ने दरवाजा खोला वैसे ही तो लुटेरों ने उसके भाई को बंधक बना लिया। 
इसके बाद अन्य लुटेरों ने सर्राफा कारीगर से लूटपाट की कोशिश की तो वह लुटेरों से भिड़ गया। जिस पर लुटेरों ने कट्टे की बट मारकर सर्राफा कारीगर को घायल कर दिया और उसके भाई को चापड़ के बल पर बंधक बना लिया। जिसके बाद सर्राफा कारीगर ने बदमाशों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सर्राफा कारीगर की माने तो उसके दुकान में लगभग नौ लुटेरे घुसे थे और उसकी दुकान से 70 ग्राम सोना लूट कर फरार हो गए। 
सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी गयी। सीओ कोतवाली ब्रज नारायण सिंह ने रविवार को बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है और फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular