एक माह के अंदर दूसरी बार कानपुर में हुआ ऐसा वायरल वीडियो
कानपुर (हि.स.)। फेसबुक सहित तमाम सोशल मीडिया के प्लेटफार्मों के जरिये जहां लोग अपनी पहचान वैश्विक पटल पर बना रहे हैं, तो वहीं कुछ युवक ऐसे हैं जो इसका गलत प्रयोग भी करते हैं। समाज में दबंग बनने की छवि को लेकर इसी माह एक युवक ने फेसबुक पर अवैध असलहा के साथ वीडियो वायरल कर दिया, जिसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने दोस्त के साथ उसको जेल भेज दिया। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि एक और युवक ने ऐसी हरकत कर दी, जिसका अंजाम यह हुआ कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
सोशल मीडिया पर दो दिन पहले एक युवक तमंचा का प्रदर्शन करते हुए वीडियो वायरल कर दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने जांच करायी और वायरल वीडियो में युवक की पहचान कर्नलगंज थाना के छोटे मिया हाता निवासी मोहम्मद आसिफ के रुप में हुई। क्षेत्राधिकारी त्रिपुरारी पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि कर्नलगंज प्रभारी निरीक्षक प्रभुकांत ने मामले को लेकर उप निरीक्षक सुभाष चन्द्र को जिम्मेदारी सौंपी और देर रात युवक को तमंचा के साथ तिकोनिया पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
16 घंटे में गिरफ्तार हुआ दुष्कर्म आरोपी
क्षेत्राधिकारी त्रिपुरारी पाण्डेय ने बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र में उन्नाव जनपद के शुक्लागंज निवासी जावेद के खिलाफ दुष्कर्म और पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को 16 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।
