काले कृषि कानूनों से किसानों की जमीन छीनने का काम कर रही है केन्द्र सरकार
कानपुर (हि.स.)। नये कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे किसानों के समर्थन में सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता 24 घंटे के उपवास पर रहे। सपाइयों ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार उद्योगपतियों को बढ़ावा दे रही है और इसी के चलते तीन काले कृषि कानून लायी है। इससे साफ है कि अन्नदाता को परेशान करने वाली सरकार जनता की हितैषी नहीं हो सकती।
केंद्र सरकार की कृषि विरोधी नीतियों एवं किसानों द्वारा चलाए जा रहे किसान आंदोलन के समर्थन में सपाइयों ने घंटाघर स्थिति चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल पर 24 घंटे का उपवास रखा। मंगलवार को पूर्व मंत्री सुरेंद्र मोहन अग्रवाल व जगदेव सिंह यादव ने नगर अध्यक्ष डॉ इमरान सहित सपाइयों को जूस पिलाकर उपवास को खत्म कराया। नगर अध्यक्ष इमरान ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लागू किए गए तीनों काले कानूनों से किसानों की जमीन छीनने का षड्यंत्र कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा राम माधव नीति को किनारे कर जमाखोरी को बढ़ावा देकर अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का कार्य कर रही है। इस कड़ाके की भीषण सर्दी में किसान दिल्ली सीमा पर डेरा जमा कर तीनों काले कानून को सरकार से वापस लेने की मांग कर रहे हैं पर उनकी भाजपा सरकार को किसानों की भूख प्यास और ठंड नहीं दिखाई दे रही है। दर्जनों किसानों ने आंदोलन करते हुए अपनी जान भी गंवा दी है पर सरकार के कानों में अभी तक जूं नहीं रेंग रही है। इसके साथ ही सरकार इस कानून के झूठे फायदों को गिना कर किसानों और जनता को गुमराह कर रही है। आज हमारा देश का अन्नदाता परेशान है चौधरी चरण सिंह कहते थे कि जब तक देश का किसान खुशहाल नहीं होगा तथा देश तरक्की नहीं कर सकता। सरकार एमएसपी को कानून का दर्जा देने से कतरा रही है। इन काले कानूनों से देश की सरकारी मंडियां बंद हो जाएंगी तथा सरकार के बिचौलिए किसानों की फसल को सीधे खेतों खरीद कर जमाखोरी को बढ़ावा देकर भारी मुनाफा कमाएंगे। इस अवसर पर नगर महासचिव मोनू गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा, सुनील शुक्ला, अजय यादव, पिंटू ठाकुर, हाजी सैफ चिश्तिया, गोपाल अग्रवाल, राजा बाजपई, निखिल यादव आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहें।
Kanpur News : अन्नदाता को परेशान करने वाली सरकार जनता की नहीं हो सकती हितैषी : सपा
RELATED ARTICLES
