– शनिवार को क्षतिग्रस्त बोगियों को हटवाया जा सका, मामले की जांच के बाद स्पष्ट होगा डिरेल होना का कारण
कानपुर (हि.स.)। भीमसेन स्टेशन के पास मालगाड़ी के चार डिब्बे डिरेल होने से बाधित कानपुर-झांसी रेल मार्ग चार घंटे बाद गाड़ियों के संचालन के लिए बहाल हो सका। शनिवार की सुबह पटरी के पास पड़े मालगाड़ी के क्षतिग्रस्त चार बोगियों को हटाया गया और मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया। इस मामले में जांच कर मालगाड़ी के डिरेल होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात जबलपुर से चलकर कानपुर के अनवरगंज आ रही मालगाड़ी अचानक भीमसेन स्टेशन से पूर्व क्रासिंग के पास डिरेल हो गई। रफ्तार धीमी होने के चलते गाड़ी के चार डिब्बे ही पटरी से उतरे। गाड़ी के डिरेल होते ही कानपुर-झांसी रेल मार्ग पूरी तरह से गाड़ियों के संचालन के लिए बाधित हो गया।
मामले की जानकारी पर रेलवे के अफसर, इंजीनियर व कर्मियों की टीमें पहुंची और ट्रैक पर मरम्मत कार्य शुरु कराया गया। घने कोहरे व ठंड में कर्मियों ने तेजी से राहत व मरम्मत कार्य जारी रखा। देर रात कड़ी मशक्कत करते हुए गाड़ी के डिरेल होने के चार घंटे बाद 12 बजे रात्रि एक ट्रैक को गाड़ियों के संचालन के लिए तैयार कर लिया गया। इस बीच मालगाड़ी के पटरी से उतरे क्षतिग्रस्त चार डिब्बों को काटकर अलग कर दिया गया था और सुबह उन्हें भी हटा दिया गया।
इस सम्बंध में उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि भीमसेन के पास डिरेल हुई मालगाड़ी के टूटे चार डिब्बों को शनिवार की सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर हटवा दिया गया था। रात्रि में गाड़ियों के संचालन को बहाल कर लिया गया था। गाड़ी के डिरेल होने की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि पटरी से गाड़ी के उतरने की वजह क्या रही।
