Friday, March 20, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयInternational : वांग यी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत को...

International : वांग यी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत को अधिकतम सहयोग करने का किया वादा

सुप्रभा सक्सेना

बीजिंग(हि.स.)। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में भारत को अधिकतम सहयोग करने का वादा किया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे गए पत्र में विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि भारत जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है उसके प्रति चीन सहानुभूति व्यक्त करता है।

भारत में चीन के राजदूत सन विडौंग ने इस पत्र को ट्वीट किया है, जिसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस मानवजाति का सामान्य दुश्मन है। इस स्थिति को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एकजुट होने की जरूरत है। चीनी पक्ष भारत सरकार और भारत के लोगों को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में समर्थन करता है।

उन्होंने बताया कि महामारी से लड़ने वाली चीन में उत्पादित सामग्री तेजी से भारत में भेजी जा रही है। जरूरत के हिसाब से चीन लगातार भारत को इसी प्रकार मदद करता रहेगा। हम आशा करते हैं और हमें विश्वास है कि भारत सरकार जल्द ही महामारी पर विजय प्राप्त कर लेगा।

उल्लेखनीय है कि भारत में कोरोना की स्थिति बहुत ही खराब हो गई है। एक दिन में तीन लाख से अधिक मामले दर्ज हो रहे हैं और एक ही दिन में 3000 से अधिक लोगों की कोरोना के कारण मौत हो रही है। वैश्विक स्तर पर प्रमुख देश एकजुटता दिखाते हुए भारत के साथ खड़े हैं। कई देशों से मदद स्वरूप मेडिकल उपकरण और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular