बंद मिला सामुदायिक शौचालय, गांव के हैण्ड पम्प पड़े थे सूखे
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। विकास कार्यों की धरातल पर सच्चाई परखने के लिए इन दिनों नवागत मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार लगातार गांवों का निरीक्षण कर रहे हैं। वहां चौपाल लगाकर जन शिकायतें सुन रहे हैं तथा अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए निर्देश भी दे रहे हैं। गुरुवार को सुबह-सुबह वह अधिकारियों की भारी भरकम फौज लेकर झंझरी विकास खण्ड के दो ग्राम पंचायतों में जा पहुंचे। निरीक्षण के लिए ग्राम पंचायतों का चयन इतने शार्ट नोटिस पर किया तो जिम्मेदारों को मौके पर कुछ भी दुरुस्त करने का समय ही नहीं मिल पाया।

यह भी पढें : आम लोगों के लिए रसोई गैस की सब्सिडी खत्म
सीडीओ गौरव कुमार सबसे पहले झंझरी विकास खण्ड के ग्राम पंचायत बनघुसरा के प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर जन समस्याओं को सुना। यहां ग्रामीणों ने शिकायत किया कि सामुदायिक शौचालय बंद रहता है। निरीक्षण के दौरान गांव में 11 स्थानों पर लगे इंडिया मार्का हैंडपंप खराब मिले। यहां विद्यालय का रसोई घर व पंचायत भवन अभी निर्माणाधीन है। मौके पर सफाई व्यवस्था बहुत खराब मिली। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई तथा सफाई कर्मचारी को फटकार लगाई। सीडीओ ने गांव में खाली पड़े स्थानों पर पौधारोपण कराने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि वे रोस्टर के अनुसार अपने गांवों में उपस्थित रहें। जिस दिवस को जिस ग्राम पंचायत में उपस्थिति तय की गई हो, वहां उस दिन अनिवार्य रूप से रहें। इसकी जानकारी भी ग्राम वासियों को होनी चाहिए। गांव के स्कूल भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में 26 के सापेक्ष 17 बच्चे उपस्थित मिले। मनरेगा के तहत अमृत सरोवर के निर्माण का कार्य चल रहा था, जहां 60 के सापेक्ष 28 श्रमिक कार्य करते मिले। पूर्व माध्यमिक विद्यालय के भवन का प्लास्टर टूटकर गिर रहा था। सीडीओ ने भवन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत फिरोजपुर तरहर का भी निरीक्षण किया। यहां के पंचायत भवन की खिड़की व दरवाजा टूटा पाया गया। नव निर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र अभी तक विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। परिणाम स्वरूप इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। गांव के माडल स्कूल में लाइब्रेरी की स्थापना कराने के साथ ही खेल का मैदान विकसित करने के निर्देश दिए। विद्यालय का रसोई घर अत्यधिक खराब स्थिति में मिला। गांव में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश बीडीओ को दिया।

यह भी पढें : नगर विकास मंत्री ने सफाई कर्मी को सराहा, किया नमन
बताते चलें कि इससे पूर्व हलधरमऊ विकास खण्ड के एक ग्राम पंचायत के निरीक्षण के दौरान भी सीडीओ को सामुदायिक शौचालय बंद मिला था। इस पर उन्होंने इसका संचालन करने वाले स्वयं सहायता समूह को नोटिस देकर स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए उसकी साथ अनुबंध समाप्त किए जाने का निर्देश डीपीआरओ को दिया था। यहां शौचालय संचालन हेतु पंचायत राज विभाग से नियमित भुगतान के बावजूद शौचालय महीनों से बंद पाया गया था। बनघुसरा तथा फिरोजपुर ग्राम पंचायतों में निरीक्षण के मौके पर जिला विकास अधिकारी दिनकर कुमार विद्यार्थी, उपायुक्त श्रम रोजगार संत कुमार, डीपीआरओ रोहित भारती, बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला समन्वयक अभय सिंह रमन, खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहू आदि मौजूद रहे।
यह भी पढें : अवैध बम बनाने की फैक्ट्री का खुलासा, सगे भाई गए जेल
महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com
