संवाददाता
गोण्डा। देवीपाटन मण्डल की उपश्रमायुक्त रचना केशरवानी ने बताया है कि निर्माण श्रमिकों के उत्तर प्रदेश भवन एवं संन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण, नवीनीकरण के लिए बोर्ड ने निःशुल्क सुविधा शुरू कर दी है।यह सुविधा 30 नवंबर तक ही है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की है कि पूर्व से पंजीकृत निर्माण श्रमिक जिनका नवीनीकरण कराया जाना अवशेष है, वह अपना नवीनीकरण आगामी 30 नवम्बर तक निशुल्क करा सकते हैं। जो निर्माण श्रमिक अभी तक पंजीकृत नही हैं, वह भी उक्त अवधि में निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने के लिए अब सिर्फ कागजी औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। भवन निर्माण से जुडे़ या ईट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक श्रम विभाग के कार्यालय या किसी निकटतम जनसेवा केंद्र पर अपना आधार कार्ड व बैंक पासबुक की छायाप्रति व विगत वर्ष में कम से कम 90 कार्य करने का नियोजक का प्रमाण पत्र या स्व घोषणा पत्र देकर पंजीकरण करा सकते हैं। नवीनीकरण कराने वालों से भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उपश्रमायुक्त ने सभी अपंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वह अपना पंजीकरण करायें और उ.प्र.भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठायें।
