जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले में उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य आयोजन होने जा रहा है। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही की अध्यक्षता में देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार यूपी दिवस आयोजन को लेकर बैठक हुई जिसमें आयोजन को लेकर रूपरेखा तय की गई। डीएम ने बताया कि यूपी दिवस समारोह का आयोजन नगर के बेंकटाचार क्लब में होगा जिसमें लखनऊ से होने वाले मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न विभागों के स्टाल्स, ख्याति व उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों का सम्मान, महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव, नेहरू स्टेडियम में जूडो प्रतियोगिता तथा वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशनुसार 24 से 26 जनवरी 2021 तक विभिन्न आयोजनों के माध्यम से आधुनिक उत्तर प्रदेश की संस्कृति के साथ आर्थिक विकास को केन्द्र में रखकर शासन की विभिन्न योजनाओं का आमजन तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न सेमिनार, प्रदर्शनी, गोष्ठियां आदि आयोजित किये जायेगें।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, महिला-युवा-किसान, सबका विकास सबका सम्मान’ की विषयवस्तु पर किया जायेगा। ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ सहित सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किये जाने वाले महानुभावों को पुरस्कृत, सम्मानित किया जायेगा। आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लिए जनपद में सभी विभागों द्वारा जो कार्य योजनाएं बनायी गयी हैं, उन सभी को आमजन के समक्ष प्रस्तुत करते हुए लाभ प्रदान किया जाना है। उन्होंने बताया कि कलाकार, शिल्पकार, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा आदि सभी क्षेत्रों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले महानुभावों को प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाना है। जनपद में उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस समारोहपूर्वक आयोजित किया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि मिशन शक्ति के रूप में महिला सुरक्षा और महिला स्वाभिमान पर किये गये कार्यो की प्रदर्शनी लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस में युवाओं को आत्म निर्भरता प्रदान करने के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर प्रदान किये जा रहे है उनके सृजन तथा भर्ती नियमों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 24 से 26 जनवरी, 2021 तक मनाये जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस से संबंधित समस्त तैयारियां पूरी कर ली जाय। कार्यक्रम स्थल पर लाभार्थीपरक योजनाओं यथा आयुष्मान गोल्डन कार्ड, पीएम किसान योजना, उद्यान, कृषि, वन, गन्ना, स्वास्थ्य, एनआरएलएम, उद्योग, रेशम आदि विभागों संबंधित भी स्टॉल लगाये जाय। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के मध्य निबन्ध लेखन, वाद विवाद, चित्रकला, मूर्तकला, कविता पाठ का आयोजन कराया जाये एवं विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाये। उपायुक्त उद्योग एवं जिला ग्रामोद्योग को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के दौरान ओडीओपी प्रदर्शनी का आयोजन एवं उत्कृष्ट युवा, महिला उद्यमी को प्रशस्ति पत्र दिया जाये। इसी प्रकार जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यूपी स्थापना दिवस के अवसर पर उन्नत कृषि एवं बागवानी, पशुपालन, दुग्ध व्यवस्था, मत्स्य पालन से जुड़े उत्पादन की प्रदर्शनी एवं उससे जुड़े समूहों को सम्मानित किया जाये। लाभार्थी परक योजना, रोजगार परक कार्यक्रम का प्रदर्शन, स्टाल लगाया जाये एवं लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया जाये। मिशन शक्ति अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं के अन्तर्गत किये जाने वाले कार्यक्रम एवं इसके अन्तर्गत उत्कृष्ट महिला, बालिकाओं को सम्मानित किया जाये। महिलाओं द्वारा प्रशिक्षित मार्शल आर्ट की प्रदर्शनी, दिव्यांग बालिकाओं द्वारा जूडो की प्रदर्शनी करायी जाये जिसके सम्बन्ध में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत कार्यक्रम का प्रदर्शन एवं उत्कृष्ट स्वच्छताग्रहियों को सम्मानित किया जाये। स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बने एवं उनके उत्पाद का प्रदर्शन एवं उत्कृष्ट समूह को सम्मानित किया जाये। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यूपी स्थापना दिवस पर सम्बन्धित विभाग अपनी-अपनी कार्ययोजना बनाकर मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध करा दें जिससे यूपी स्थापना दिवस के कार्यक्रम को भव्य तरीके से मनाया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : थानेदार समेत 10 पुलिस कर्मियों पर FIR के आदेश

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
