Wednesday, February 11, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda News:17 स्वास्थ्य इकाइयों पर लगभग 1500 मरीजों की जांची गयी सेहत

Gonda News:17 स्वास्थ्य इकाइयों पर लगभग 1500 मरीजों की जांची गयी सेहत

गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच के साथ-साथ किया गया अल्ट्रासाउंड

गर्भावस्था में उच्च जोखिम वाली महिलाओं को चिह्नित कर दिया गया जरूरी परामर्श

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला महिला अस्पताल समेत समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया। इस मौके पर एमबीबीएस चिकित्सकों व स्त्री रोग विशेषज्ञों की देखरेख में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व की सम्पूर्ण जांच कर उनका टीकाकरण किया गया। विटामिन, आयरन-फोलिक एसिड व कैल्शियम की दवाएं वितरित कर महिलाओं को प्रसव पूर्व व प्रसव उपरान्त संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, साफ-सफाई रखने, समय-समय पर चिकित्सीय परामर्श लेने और प्रसव संस्थागत कराने के लिए प्रेरित किया गया। जिला महिला अस्पताल में आयोजित सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर महिला रोग विशेषज्ञ डॉ अमित त्रिपाठी, डॉ शालू महेश, डॉ ललिता केयरकट्टा, डॉ दीपमाला व डॉ इल्मा कुरैशी द्वारा 83 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) की गई। इस दौरान महिलाओं का अल्ट्रासाउंड, वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड-प्रेशर, ब्लड-ग्रुप, ब्लड-शुगर, एचआईबी, हेपेटाइटिस-बी व पेट की जाँच की गयी। इसके अलावा महिलाओं को टिटनेस का टीका लगाया गया तथा आयरन-फोलिक एसिड, कैल्शियम और अन्य आवश्यक दवाएं वितरित की गयीं। जाँच के दौरान एचआरपी (उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था) पाई गयी महिलाओं को आयरन-शुक्रोज लगाया गया तथा उन्हें दवा के नियमित सेवन के साथ-साथ विशेष देखभाल रखने और समय-समय पर चिकित्सीय परामर्श लेते रहने की सलाह दी गयी। इस मौके पर डॉ शालू महेश ने बताया कि किसी गर्भवती महिला में यदि सात ग्राम से कम हीमोग्लोबिन होता है, तो उसको सीवियर एनीमिया की स्थिति में रखा जाता है। वहीं डॉ ललिता ने कहा कि गर्भावस्था के समय महिलाओं को कम से कम चार प्रसव पूर्व जांच करानी चाहिए और नियमित चिकित्सीय सलाह लेते रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को हरी साग-सब्जियों, अंकुरित चना एवं दाल, गुड़ आदि का अधिक से अधिक सेवन करना जरूरी होता है। इस मौके पर सीएमएस डॉ एपी मिश्र ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व दिवस का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को जागरूक करना, सुरक्षित प्रसव और शिशु को स्वस्थ जीवन प्रदान करने के साथ ही मातृ मृत्यु-दर को कम करना है। सुरक्षित मातृत्व दिवस के मौके पर 91 महिलाओं का अल्ट्रासाउंड व 24 महिलाओं की पैथालाजी जांच की गयी। अभियान के सफल आयोजन में अस्पताल प्रबंधक डॉ वेद प्रकाश चौधरी, प्रभात कुमार व अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

यह भी पढें : प्रेमी के घर पहुंची युवती की बांके से हत्या

जनपदीय मातृ स्वास्थ्य सलाहकार डॉ आमिर खान ने बताया कि मंगलवार को महिला अस्पताल सहित जिले सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस मनाया गया। इस मौके पर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) की पहचान, पोषण, परिवार नियोजन तथा प्रसव स्थान के चयन के बारे में काउंसिलिंग की गई। इस दौरान कोविड-19 से बचाव के लिए जारी प्रोटोकॉल का भी पालन किया गया। चिकित्सकों की देखरेख में जिले भर में करीब 15 सौ गर्भवती महिलाओं का वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड-प्रेशर, ब्लड-ग्रुप, शुगर, एचआईबी, हेपेटाइटिस-बी और वीडीआरएल की जाँच कर अल्ट्रासाउंड की गयी। जाँच के दौरान 256 महिलायें एचआरपी (उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था) की पायी गयीं, जिनका हीमोग्लोबिन स्तर बेहद कम होने के कारण उन्हें आयरन-शुक्रोज़ लगावाया गया तथा उन महिलाओं को नियमित दवा लेने के साथ-साथ विशेष देखभाल रखने और समय-समय पर चिकित्सीय परामर्श लेते रहने की सलाह दी गयी। गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को प्रसव पूर्व व बाद में उचित पोषण, सही खान-पान और स्वास्थ्य संबंधित सावधानियां रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं मुजेहना सीएचसी पर आयोजित दिवस के भ्रमण के दौरान डीपीएम अमरनाथ ने बताया कि पीएमएसएमए दिवस पर हर एक गांव की गर्भवती को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए 102 एंबुलेंस की व्यवस्था है, जिसका लोगों को लाभ लेना चाहिए। एसीएमओ आरसीएच डॉ एपी सिंह ने बताया कि आशाओं को गर्भवती महिलाओं के बीच जाकर समय-समय पर उनका देखभाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढें : Shravasti News:भट्टी लगाकर अवैध शराब बनाने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

Gonda News:17 स्वास्थ्य इकाइयों पर लगभग 1500 मरीजों की जांची गयी सेहत
आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular