जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा कार्य संस्कृति में बदलाव लाने के लिए शासन के फरमान का असर अब धीरे-धीरे तहसील और विकास खण्ड स्तरीय कार्यालयों में भी दिखाई पड़ने लगा है। जिले के मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार गूगल मीट के माध्यम से ब्लाक स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियां की उपस्थिति जांच रहे हैं। इसी क्रम में मनकापुर के उप जिलाधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने शुक्रवार को खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति के बारे में पूछताछ की। एसडीएम ने निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और अपने पटल से सम्बंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। उन्होंने कहा कि सभी सहायक विकास अधिकारी और ग्राम पंचायतों के सचिव विकास कार्यों को गति प्रदान करें।
यह भी पढें : माहवारी पर छोड़ें परंपरावादी सोच, करें खुलकर बात

वजीरगंज के खंड विकास अधिकारी विकास मिश्रा ने शुक्रवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय व कृषि गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय बाल विकास परियोजना अधिकारी दुर्गेश कुमार गुप्ता व कृषि गोदाम प्रभारी त्रिवेंद्र कुमार तिवारी समेत सभी कर्मचारी मौजूद रहे। बीडीओ ने परियोजना कार्यालय के कई पत्रावालियों का अवलोकन किया। पोषण ट्रेकर के डैश बोर्ड पर परियोजना की स्थिति का अवलोकन करते हुए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से 0 से 5 वर्ष के बच्चों की लम्बाई व वजन अंकित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परियोजना के आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र पर वाल पेंटिंग व उनको आदर्श केंद्र के रूप में ग्रेडिंग कराने के लिए जरूरी उपाय करने को कहा। परियोजना भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए बीडीओ ने अनुरक्षण कार्य के लिए बजट जारी कराने का आश्वासन दिया। बाद में उन्होंने कृषि गोदाम पहुंचकर धान बीज की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गोदाम प्रभारी त्रिवेंद्र कुमार तिवारी से कहा कि किसानों को ढैंचा, धान बीज, कीटनाशक दवा व अन्य योजनाओं से किसानों को लाभान्वित किया जाए। किसानों को मिलने वाले अनुदान में लापरवाही न करने को सचेत किया। गोदाम प्रभारी को कृषि रक्षा इकाई में बैठने का निर्देश दिया। इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी डा. आरएस मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढें : उच्च तकनीक के सहारे ‘योगी सरकार-चली जनता के द्वार’

महत्वपूर्ण सूचना
जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
www.hindustandailynews.com
